रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:जिला समग्र शिक्षा कार्यालय में आयोजित हुई शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक।
जिला समग्र शिक्षा कार्यालय में आयोजित हुई महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक।
चंपावत जिला समग्र शिक्षा कार्यालय में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण डीपीएमयू समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, ब्लॉक रिसोर्स पर्सन , क्लस्टर रिसोर्स पर्सन , एनजीओ प्रतिनिधियों और जिला समन्वयकों ने प्रतिभाग किया। बैठक का सफल संचालन जिला समन्वयक आशीष ओली द्वारा किया गया।बैठक की शुरुआत में विगत माह आयोजित हुई बैठक के निर्णयों एवं उनके क्रियान्वयन की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिला परियोजना अधिकारी ने पिछले महीने दिए गए लक्ष्यों की प्रगति रिपोर्ट जांची और जिन क्षेत्रों या संकुलों में कार्य अभी लंबित हैं, उन्हें तत्काल गति देते हुए समय सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला परियोजना अधिकारी मान सिंह ने स्पष्ट किया कि माननीय जिलाधिकारी महोदय का मुख्य विज़न इस जनपद को प्रदेश के 'आदर्श जनपद' के रूप में स्थापित करना है। शिक्षा के क्षेत्र में इस विज़न को साकार करने की मुख्य ज़िम्मेदारी धरातल पर काम कर रहे बीआरपी और सीआरपी की है। एफएलएन लक्ष्यों को पूरा करने के लिए जिला परियोजना अधिकारी द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत बच्चों के व्यावहारिक और रचनात्मक विकास के लिए एक बड़ा निर्णय लेते हुए इस माह पाटी, चंपावत और लोहाघाट ब्लॉक में कुल 7 बाल मेले आयोजित करने पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।उन्होंने बीआरपीऔर सीआरपी को निर्देशित किया कि वे नियमित विद्यालय मॉनिटरिंग करें, शिक्षकों को अकादमिक सहयोग दें और कमजोर बच्चों के लिए उपचारात्मक शिक्षण सुनिश्चित कर एफएलएन के टारगेट को समय पर पूरा करें।मूलभूत सुविधाओं और डिजिटल अपडेशन पर विशेष मंथन बैठक में केवल अकादमिक ही नहीं, बल्कि विद्यालयों के ढांचागत और डिजिटल सुदृढ़ीकरण पर भी चर्चा हुई। राजकीय विद्यालयों में बिजली, पानी और सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था को शत-प्रतिशत दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, छात्र-छात्राओं की अपार आईडी जनरेशन, स्टूडेंट प्रोग्रेशन तथा यूडायस पोर्टल अपडेशन के कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।इस महत्वपूर्ण बैठक में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी चंपावत भारत जोशी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बाराकोट कमल भट्ट, समिति के सदस्य व सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य चन्द्र प्रकाश गहतोड़ी, डायट लोहाघाट से सदस्य डॉ. अवनीश शर्मा, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के फैसिलिटेटर विवेक पंत, सहायक लेखाधिकारी नंदन सिंह कार्की, राकेश बसु सहित जनपद के समस्त जिला समन्वयक, मुख्य संदर्भ दाता और विभिन्न ब्लॉकों से आए बीआरपी-सीआरपी सहित 50 से अधिक विभागीय अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।