रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट 👹👹 : चंपावत!जनता मिलन कार्यक्रम में 15 जन शिकायतों का हुआ त्वरित समाधान ।
Laxman Singh Bisht
Mon, Jul 14, 2025
एडीएम ने गंगनोला में भांग की खेती नष्ट करने के पुलिस को दिए निर्देश
अपर जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने की जन समस्याओं की सुनवाई, संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
जिला सभागार चम्पावत में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती एवंअपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। इस अवसर पर कुल 15 शिकायतकर्ताओं की समस्याओं पर मौके पर ही निर्णय लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
प्रमुख शिकायतों पर की गई कार्यवाही निम्नवत रही:
ढकना बडोला निवासी श्री रमेश सिंह की भूमि खाता जांच की शिकायत पर उपजिलाधिकारी चम्पावत को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। खूना बोरा निवासी श्री राजीव पाण्डेय की जल जीवन मिशन के अंतर्गत कनेक्शन न मिलने की शिकायत पर अधिशासी अभियंता को तीन दिवस के भीतर जल कनेक्शन सुनिश्चित करने को कहा गया।
ग्राम गंगनौला के चेतराम के पुत्र की वार्ड बॉय नियुक्ति के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि नियुक्ति पूर्व में की जा चुकी है, परंतु सम्बंधित व्यक्ति कार्यस्थल पर अनुपस्थित रहता है।
कमलेख (पाटी) की श्रीमती चनी देवी द्वारा भूमि पर जबरन कब्जे की शिकायत पर उपजिलाधिकारी कोर्ट में बेदखली वाद दायर कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
पापड़ागाड़ (चौराडी) निवासी गिरीश चन्द्र की बिजली कनेक्शन की मांग पर उन्हें आज ही SDO कार्यालय में आवेदन देने का सुझाव दिया गया तथा आवेदन प्राप्त होते ही विभाग को कनेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलचौड़ा लोहाघाट निवासी नवीन सिंह द्वारा मोबाइल टावर स्थापित करने की मांग पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर एवं बीएसएनएल को कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
टनकपुर के गुप्ता टेंट हाउस द्वारा समाज कल्याण एवं राजस्व विभाग से लंबित भुगतान की शिकायत पर दोनों विभागों को त्वरित भुगतान करने के निर्देश जारी किए गए।
गंगनौला निवासी चन्द्र दत्त जोशी द्वारा भांग की अवैध खेती को नष्ट करने की शिकायत पर सम्बंधित थाना प्रभारी को टीम भेजकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
भैरवा निवासी महेन्द्र सिंह तड़ागी द्वारा खेतों की खतौनी सुधार की मांग पर उपजिलाधिकारी चम्पावत को नियमानुसार खतौनी में सुधार करने के निर्देश दिए गए।
डुगाजोशी निवासी अनिल जोशी द्वारा ग्राम मार्ग में झाड़ी कटान एवं शस्त्र लाइसेंस की मांग पर ग्राम सचिव को उपलब्ध धनराशि से पेड़ व झाड़ियों की कटान कराने, एयर गन हेतु लाइसेंस की आवश्यकता न होने की जानकारी देने एवं अन्य शस्त्रों हेतु नियमानुसार आवेदन करने को कहा गया। साथ ही वन विभाग को बंदरों के लिए पिंजरा लगाने के निर्देश भी दिए गए।
ग्राम नायल, धौन निवासी श्रीमती पार्वती देवी को मृत बैल के बीमा धनराशि दिलाने हेतु पशुपालन विभाग एवं अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) को कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
इसी ग्राम के लोकमणि भट्ट को आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु उपजिलाधिकारी को नियमानुसार कार्यवाही कर लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
अंकडिया निवासी पूर्व सैनिक अमरनाथ द्वारा PMGSY के तहत सिप्टी से अमकडिया सड़क निर्माण कार्य से क्षतिग्रस्त नहर की मरम्मत हेतु PMGYSY विभाग को उक्त नहर को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान उप जिलाधिकारी चंपावत अनुराग आर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेश चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ वसुंधरा गर्ब्याल,अग्रणी जिला प्रबंधक अमर सिंह ग्वाल सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, जनता व अन्य उपस्थित रहे।