रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट:सीएमओ के नेतृत्व में लोहाघाट में मेडिकल स्टोरो मे छापेमारी डीआई ने एक क्लीनिक किया सीज।
Laxman Singh Bisht
Tue, Feb 10, 2026
सीएमओ के नेतृत्व में लोहाघाट में मेडिकल स्टोरो मे छापेमारी डीआई ने एक क्लीनिक किया सीज।
जन औषधि केंद्र की भी हुई जांच
जनपद चंपावत में नशीली एवं मनःप्रभावी दवाओं के अवैध कारोबार के विरुद्ध जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को सीएमओ चंपावत डॉक्टर देवेश चौहान के निर्देश पर औषधि निरीक्षक हर्षिता के नेतृत्व में जिले के लोहाघाट नगर क्षेत्र में कोडीन युक्त कफ सिरप तथा अन्य मनःप्रभावी औषधियों की बिक्री पर रोकथाम हेतु सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। ड्रग इंस्पेक्टर हर्षिता ने बताया आज लोहाघाट में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 06थोक एवं खुदरा औषधि प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
उन्होंने बताया एक क्लीनिक में अनियमितता पाए जाने पर उसे सीज किया गया तथा लाइसेंस निलंबन की संस्तुती की जा रही है। उन्होंने लोहाघाट के जन औषधि केंद्र मे बिना पर्ची के दवा बेचने की शिकायत पर जन औषधि केंद्र का भी निरीक्षण किया गया जांच के दौरान कमियां नहीं पाई गई। उन्होंने कहा निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में दवाओं के स्टॉक रजिस्टर एवं क्रय-विक्रय अभिलेखों की गहन जांच की गई, जिनमें अधिकांश स्थानों पर अभिलेख संतोषजनक पाए गए। बताया जांच के दौरान स्टोरों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, रिकॉर्डिंग व्यवस्था तथा पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति में ही दवाओं की बिक्री सुनिश्चित किए जाने की भी समीक्षा की गई। तथा सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के कोई भी मनःप्रभावी अथवा एंटीबायोटिक दवा विक्रय न की जाए तथा प्रत्येक दवा विक्रय पर कैश मेमो/बिल जारी करना अनिवार्य है।
लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम के अंतर्गत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।औषधि निरीक्षक हर्षिता ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य कोडीन युक्त कफ सिरप एवं अन्य नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगाना है, ताकि जनपद की युवा पीढ़ी को नशे की प्रवृत्ति से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की प्रवर्तन कार्यवाही भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी। इस दौरान नगर के कई मेडिकल स्टोर के दरवाजे बंद नजर आए। अभियान में सीएमओ चंपावत डॉक्टर देवेश चौहान, चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर विराज राठी ,तहसीलदार लोहाघाट, फार्मेसी अधिकारी नवीन कनौजिया ,कांस्टेबल अशोक वर्मा आदि मौजूद रहे।