रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट 👹👹 : टनकपुर:जिलाधिकारी के निर्देश पर मार्ग सुगम होने तक पूर्णागिरी यात्रा पर रोक, सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध
Laxman Singh Bisht
Wed, Jun 18, 2025
भारी मलबा आने से सड़क बंद
पूर्णागिरी स्पेशल ट्रेन में अग्रिम आदेश तक रोक।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि, पूर्णागिरि यात्रा पर प्रशासन सतर्क
जिलाधिकारी नवनीत पांडे द्वारा राज्यमार्ग-108 (ककराली गेट–ठुलीगाड़–भैरव मंदिर मार्ग) के बाटनागाड़ क्षेत्र में भारी वर्षा से हुए भूस्खलन के कारण यात्रियों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।पूर्णागिरि धाम की यात्रा को तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाए तथा जब तक मोटर मार्ग पूर्णतः सुगम एवं सुरक्षित नहीं हो जाता, यात्रियों को दर्शन हेतु न भेजा जाए।मण्डल रेल प्रबन्धक, बरेली को कहा है कि पूर्णागिरि यात्रा हेतु संचालित विशेष ट्रेनों का संचालन अग्रिम आदेशों तक निरस्त किया जाए।पुलिस अधीक्षक, चंपावत यह सुनिश्चित करेंगे कि कंकराली गेट से होकर किसी भी यात्री को तब तक प्रवेश न दिया जाए, जब तक मार्ग की स्थिति पूर्णतः सुचारू एवं सुरक्षित नहीं हो जाती।प्रभागीय वनाधिकारी, चंपावत को निर्देशित किया गया है कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में वन विभाग की टीमें नियमित गश्त व निगरानी करें, ताकि किसी भी संभावित खतरे से पूर्व में ही सचेत हुआ जा सके।लोक निर्माण विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग व अन्य संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि भूस्खलन से अवरुद्ध मार्ग को शीघ्र अति शीघ्र मलबा हटाकर पुनः यातायात योग्य बनाया जाए और कार्य में तेजी लाई जाए।सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ सतर्कता पूर्वक कार्य करें एवं स्थिति पर निरंतर निगरानी रखते हुए यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करें।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व आधिकारिक जानकारी अवश्य प्राप्त करें।