रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट:मांगों को लेकर लोहाघाट महाविद्यालय में धरने में बैठे छात्रों का स्वास्थ्य खराब प्रशासन पर लगाया अनदेखी का आरोप ।
Laxman Singh Bisht
Sat, Aug 23, 2025
मांगों को लेकर लोहाघाट महाविद्यालय में धरने में बैठे छात्रों का स्वास्थ्य खराब प्रशासन पर लगाया अनदेखी का आरोप ।
नवे दिन भी धरना रहा जारी। महाविद्यालय व विश्वविद्यालय प्रबंधन पर लगाए अनदेखी के आरोप।
मांगे पूरी न होने पर उग्र आंदोलन करेंगे छात्र।
जनप्रतिनिधियों व व्यापारियों से आंदोलन को समर्थन देने के लिए एक रुपए का मांगा सहयोग।
महाविद्यालय में सीटे बढ़ाने व अन्य मांगों को लेकर कर बारिश के बीच अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन।
लोहाघाट। रा0महाविद्यालय लोहाघाट में पिछले नौ दिनों से अपनी मांगों को लेकर छात्र नेता व प्रवेश से वंचित छात्र एबीवीपी के बैनर तले रात दिन का धरना प्रदर्शन कर है। पर महाविद्यालय व विश्वविद्यालय प्रबंधन के द्वारा छात्रों की मांगों की अनदेखी करने से छात्र नेताओं में काफी आक्रोश है। छात्रों के द्वारा जहां बुधवार से रात्रि कालीन धरना महाविद्यालय परिसर मे शुरू किया गया तो वही आज शनिवार को एबीवीपी के प्रदेश सह मंत्री विवेक पुजारी व छात्र संघ अध्यक्ष ऋतिक ढेक के नेतृत्व में महाविद्यालय परिसर में धरना दिया जा रहा है इस दौरान छात्रों ने महाविद्यालय व विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रात दिन का लगातार धरना देने से कई छात्र नेताओं का स्वास्थ्य भी खराब हो गया है। छात्र नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा छात्र यहां लगातार बारिश में भीगते हुए अपनी मांगों को लेकर रात दिन का धरना दे रहे है जिस कारण कई छात्रों का स्वास्थ्य खराब हो चुका है ।पर प्रशासन के द्वारा भी उनकी अनदेखी की जा रही है कोई भी प्रशासनिक अधिकारी धरना स्थल पर उनका हाल-चाल जानने तक नहीं पहुंचा है ना ही स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम छात्रो के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए धरना स्थल पर पहुंची ।छात्र नेताओं ने कहा अगर धरने के दौरान किसी भी छात्र को कोई नुकसान पहुंचता है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन व महाविद्यालय प्रशासन की होगी। छात्र नेताओं ने कहा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् लोहाघाट व छात्रसंघ के द्वारा महाविद्यालय में छात्र हितों से संबंधित मांगो के लिए अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन किया जा रहा है ।पर उनकी मांगों को अनदेखा किया जा रहा है ।उन्होंने कहा उनके द्वारा रात्रि कालीन धरना शुरू कर दिया गया है। कहा महाविद्यालय में दूर-दूर क्षेत्र से छात्र-छात्राएं यहां शिक्षा ग्रहण करने आते हैं पर उन्हें महाविद्यालय में सीटों की कमी के चलते प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। जिस कारण कई छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटक गया है ।कहा जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होगी धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। छात्र नेताओं ने कहा उनकी प्रमुख मांगे
बीए मे 500 सीटो की बढ़ोत्तरी, एमए व एमएससी मे 120 सीटो की बढ़ोत्तरी की जाए। एमए मे शिक्षाशास्त्र /मनोविज्ञान /समाजशास्त्र/इतिहास मे इसी सत्र से एमए की कक्षा संचालित हो,महाविद्यालय मे अध्यापकों के पद बढ़ाया जाए, महाविद्यालय कि लाइब्रेरी में लाइब्रेरीयन की तैनाती की जाए तथा महिला छात्रावास को इसी सत्र से शुरू किया जाये! कहा जब तक मांग पूरी नहीं होगी वह आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे कहा आंदोलन को अब उग्र रूप दिया जाएगा। छात्र नेताओं ने नगर के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों व आम जनता से उनके आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है। कहा आंदोलन को सफल बनाने के लिए सभी लोग धरना स्थल पर आकर छात्रों को समर्थन में एक रुपए का सहयोग करें। कहा यह आंदोलन सिर्फ उनका नहीं है पूरे लोहाघाट क्षेत्र का है वह लोग छात्र हितों की लड़ाई लड़ रहे हैं। वहीं पूर्व छात्र संघ के द्वारा भी आंदोलन को समर्थन दिया गया है । पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मयंक ढेक , पूर्व छात्र संघ महासचिव पंकज जोशी भी आंदोलन के समर्थन धरने में बैठे।धरने में एबीवीपी प्रदेश सह मंत्री विवेक पुजारी , जिला संयोजक नीरज सगटा , छात्रसंघ अध्यक्ष ऋतिक ढेक , कोषाध्यक्ष साहिल अधिकारी , मनीष बिष्ट,गौरव पांडेय, करन सिंह देउपा, शुभम ढेक , मोहित अधिकारी सागर ढेक आदि मौजूद रहे।
छात्रों के समर्थन में आए भाजपा नेता मोहित पाठक एक रुपए का सिक्का देकर आंदोलन को दिया समर्थन
स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और छात्र संघ द्वारा कॉलेज की विभिन्न समस्याओं के समाधान की माँग को लेकर विगत 9 दिनों से चलाए जा रहे आंदोलन में छात्रों के बीच आज पूर्व एबीवीपी जिला संयोजक, विभाग संयोजक छात्रसंघ महासचिव मोहित पाठक ने आंदोलन मे आकर अपना समर्थन दिया गया तथा छात्रों की समस्याओं को सुना। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जिला उपाध्यक्ष बीजेपी मोहित पाठक के माध्यम से उच्च शिक्षा सचिव को संबोधित ज्ञापन दिया।शासन में उच्च शिक्षा सचिव डॉ रंजीत सिन्हा , मुख्यमंत्री के सचिव नवनीत पाण्डेय , मुख्यमंत्री के दिवस अधिकारी सुभाष चंद्रा और एसएसजे विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के रजिस्ट्रार डॉ देवेंद्र बिष्ट से मोहित पाठक द्वारा दूरभाष में बात कर शीघ्र छात्रों की मांगों के समाधान के लिए निवेदन किया। मामले में उच्च शिक्षा सचिव ने जल्दी मांगे पूरी होने का आश्वासन छात्रों को दिया गया।