रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट:डाइट में माध्यमिक शिक्षकों का कौशलम् पाठयचर्या शिक्षक प्रशिक्षण प्रारंभ
Laxman Singh Bisht
Tue, Aug 18, 2026
डाइट में माध्यमिक शिक्षकों का कौशलम् पाठयचर्या शिक्षक प्रशिक्षण प्रारंभ

जिले भर के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के (अटल उत्कृष्ट विद्यालयों को छोड़कर) कक्षा 10 तथा 11 के शिक्षकों का कौशलम् प्रशिक्षण प्रारंभ हो गया। डाइट सभागार लोहाघाट में प्राचार्य दिनेश खेतवाल तथा अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण का शुभारंभ किया। जनपद कौशलम् समन्वयक डायट प्रवक्ता डॉ. कमल गहतोड़ी ने बताया कि इस वर्ष कक्षा 10 और 11 के कुल 155 शिक्षकों को तीन चरणों में प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण 26 अगस्त 2026 तक चलेंगे। इससे पूर्व कक्षा 9 तथा 12 के शिक्षकों का प्रशिक्षण ऑनलाइन मोड में संपादित किया जा चुका है।

प्राचार्य दिनेश खेतवाल ने कौशलम् कार्यक्रम को 21वीं सदी के संदर्भ में बच्चों में उद्यमशील मानसिकता के विकास तथा नए प्रोटोटाइप के निर्माण और आत्मनिर्भरता की ओर एक उद्देश्यपूर्ण पहल बताया। प्रशिक्षण के पहले दिन मास्टर ट्रेनर्स एसआरजी अरिमर्दन यादव, प्रियंका जायसवाल और मनोज कुमार गंगवार ने कौशलम कार्यक्रम के उद्देश्य, कैरियर एक्सप्लोरेशन, करियर अवेयरनेस, ग्रिट, 21वीं सदी के कौशल तथा रुचि आधारित प्रोटोटाइप तथा प्रोजेक्ट निर्माण के बारे में विस्तारपूर्वक सत्र संचालित किये।

उद्यम लर्निंग की जनपद प्रभारी नैना ने सत्र संचालन के दौरान अकादमिक सहयोग प्रदान किया। प्रशिक्षण के पहले चरण में बाराकोट और चंपावत विकास खंडों के कक्षा 10 के 55 शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं। इस अवसर पर डायट प्रवक्ता कृष्ण सिंह ऐरी, डॉ आशुतोष वर्मा, डॉ पारुल शर्मा, भगवती जोशी, राजेंद्र गड़कोटी, मनीषा गोस्वामी, अनीस अहमद आदि उपस्थित थे।