रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:नैनीताल हाईकोर्ट ने जिला पंचायत सदस्य कृष्णानंद जोशी को दी बड़ी राहत। मिला स्टे
Laxman Singh Bisht
Fri, May 22, 2026
नैनीताल हाईकोर्ट ने जिला पंचायत सदस्य कृष्णानंद जोशी को दी बड़ी राहत। मिला स्टे।

चंपावत जिले के शक्तिपुर बुंगा जिला पंचायत सीट से जिला पंचायत सदस्य कृष्णानंद जोशी को नैनीताल हाईकोर्ट ने बड़ी राहत देते हुए जिला न्यायालय चंपावत के फैसले पर स्टे दिया है। जोशी के लिए यह बड़ी राहत है।

चंपावत जिले की शक्तिपुरबुंगा जिला पंचायत सीट से सदस्य रहे कृष्णानंद जोशी का निर्वाचन दो जगह मतदाता सूची में दर्ज होने के चलते जिला न्यायालय ने 28 अप्रैल को रद्द कर दिया था। हाईकोर्ट नैनीताल ने जिला न्यायालय चंपावत के निर्णय पर स्टे दिया है। उच्च न्यायालय में न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की बैंच में हुई सुनवाई में आज 22 मई को ये आदेश दिया गया। कहा गया है कि मतदाता सूची में दो जगह नाम होना कदाचार (Malpractice) की श्रेणी में नहीं आता है। इस आधार पर चुनाव रद्द नहीं किया जा सकता है। इस मामले में राज्य निर्वाचन आयोग से 2 हफ्ते में जवाब मांगा गया है। मामले की अगली सुनवाई एक जुलाई को होगी।जिला न्यायालय ने चंपावत ने जिला पंचायत की शक्तिपुर बुंगा सीट के विजेता प्रत्याशी कृष्णानंद जोशी का मतदाता सूची में दो जगह नाम दर्ज होने के चलते 28 अप्रैल को चुनाव रद्द कर दिया था। साथ ही सीट को रिक्त घोषित कर दिया गया था।

जबकि याचिकाकर्ता और दूसरे नंबर पर रहे प्रत्याशी मनमोहन सिंह बोहरा को विजयी घोषित करने के लिए दायर याचिका जिला न्यायालय ने खारिज की थी। इस निर्णय के खिलाफ कृष्णानंद जोशी ने नैनीताल उच्च न्यायालय में अपील की थी। जिस पर हाईकोर्ट ने जिला न्यायालय के फैसले पर स्टे दिया है।हरिद्वार जिले को छोड़ उत्तराखंड के शेष 12 जिलों में जुलाई 2025 में त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव हुए थे। चंपावत जिले की जिला पंचायत की शक्तिपुरबुंगा सीट से कृष्णानंद जोशी ने भाजपा समर्थित मनमोहन सिंह बोहरा को 345 वोटों से हराया था। कृष्णानंद जोशी को 2259 और मनमोहन सिंह बोहरा को 1914 वोट मिले थे। इसके अलावा मनीष महर को 1734, दिनेश चंद्र चौड़ाकोटी को 1041 और चंद्र सिंह को 812 मत मिले थे। चुनाव नतीजे के खिलाफ दूसरे नंबर पर रहे भाजपा समर्थित प्रत्याशी मनमोहन सिंह बोहरा ने अगस्त 2025 में जिला न्यायालय में याचिका दायर की थी। हाई कोर्ट के फैसले से कृष्णानंद जोशी को बड़ी राहत मिली है तथा उनके समर्थकों में काफी उत्साह है।