रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट 👹👹 : चंपावत:यूसीसी में सर्वाधिक पंजीकरण पर ग्राम पंचायत कालीगूंठ को 5 लाख रुपए की विकास योजना से किया गया सम्मानित।
Laxman Singh Bisht
Wed, Jun 18, 2025
मुख्य शिक्षा अधिकारी व टीम को समान नागरिक संहिता कार्य में उत्कृष्टता पर मिला सम्मान
जिला सभागार चम्पावत में आयोजित समान नागरिक संहिता (UCC) सम्मान समारोह के अंतर्गत जनपद में सर्वाधिक पंजीकरण करने वाली ग्राम पंचायत कालीगूंठ (पूर्णागिरि) को ₹5 लाख की विकास योजना से पुरस्कृत किया गया। जिलाधिकारी श्री नवनीत पांडे द्वारा ग्राम पंचायत को “उत्कृष्ट ग्राम पंचायत” के रूप में यह सम्मान प्रदान किया गया।इस अवसर पर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी कालीगूंठ किशोर कुमार आगरी (उप-निबंधक UCC), निवर्तमान प्रशासक/ग्राम प्रधान श्रीमती मंजू पांडे तथा अन्य ग्रामीणों को 5 लाख का चैक, प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग को समान नागरिक संहिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए “उत्कृष्ट विभाग” के रूप में सम्मानित किया गया। मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री मेहरबान सिंह बिष्ट ने विभाग की ओर से सम्मान ग्रहण किया, जबकि श्री मंजुल तिवारी, कम्प्यूटर ऑपरेटर (शिक्षा विभाग) को व्यक्तिगत रूप से उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।इसी क्रम में UCC पंजीकरण कार्य में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों को “उत्कृष्ट अधिकारी” के रूप में जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिनमें श्री सौरभ नेगी अधिशासी अधिकारी लोहाघाट, दीपक चन्द्र, अधिशासी अधिकारी बनबसा, किशोर कुमार आगरी वी.पी.डी.ओ., कालीगूंठ चन्द्रशेखर बवाड़ी, वी.पी.डी.ओ. दयूरी अनिरूद्ध पुनेठा, वी.पी.डी.ओ. वल्सों, तनुज सिंह रावल ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, जसवंत सिंह, सी.एस.सी. जिला प्रबंधक शामिल रहे।
जिलाधिकारी नवनीत पांडे ने समारोह में सभी सम्मानित विभागों, अधिकारियों और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता के सफल क्रियान्वयन में इनकी भागीदारी अनुकरणीय रही है। ग्राम पंचायत कालीगूंठ द्वारा किया गया कार्य अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।ग्राम पंचायत विकास अधिकारी किशोर कुमार आगरी ने अन्य ग्रामों और नागरिकों से सक्रिय रूप से UCC पंजीकरण में भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पहल समानता, पारदर्शिता और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें सभी की भागीदारी आवश्यक है।अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा ने कार्यक्रम में जानकारी देते हुए बताया कि जनपद चंपावत में अब तक 11 हजार से अधिक पंजीकरण आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जो इस अभियान की सफलता और जनसहभागिता का स्पष्ट प्रमाण है।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी नवीन चंद्र पंत, अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा, उप जिलाधिकारी चंपावत अनुराग आर्य, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।