रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ गोलज्यू महोत्सव का शुभारंभ।
Laxman Singh Bisht
Mon, May 4, 2026
महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ गोलज्यू महोत्सव का शुभारंभ।
मौसम खराब होने से मुख्यमंत्री का दौरा हुआ रद्द।
खराब मौसम में रंग में डाला भंग । कलश यात्रा के बाद मौसम हुआ सुहावना।

चंपावत।नगर पालिका चंपावत के द्वारा आयोजित 10 दिवसीय गोलज्यू महोत्सव का आज सोमवार को महिलाओं के द्वारा कुमाऊनी परिधानो में सज धज कर निकाली गई भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हो गया है। आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के द्वारा महोत्सव का शुभारंभ किया जाना था जिसके लिए पूरी तैयारी की जा चुकी थी। पर सुबह से हो रही लगातार बारिश के चलते मुख्यमंत्री को अपने कार्यक्रम को रद्द करना पड़ा। सोमवार को पालिका अध्यक्ष प्रेमां पांडे के दिशा निर्देश पर पालिका कार्यालय से गोलज्यू मंदिर तक महिलाओं के द्वारा ढोल नगाड़ों व छोलियां नर्तकों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई।

मंदिर में भगवान गोलू देव की पूजा अर्चना के साथ ही 10 दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। हालांकि बारिश से गौरल चौड़ मैदान में कीचड़ होने से काफी दिक्कतों का सामना व्यापारियों को करना पड़ रहा है।महोत्सव के शुभारम्भ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भगवान गोल्ज्यू महाराज से राज्य की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना करते हुए महोत्सव के सफल आयोजन हेतु अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गोल्ज्यू मंदिर पहुंचकर वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा जनपद की समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उन्होंने महोत्सव के सफल संचालन हेतु सभी संबंधित विभागों एवं आयोजन समिति के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए। पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे ने बताया लगभग 3 वर्ष के बाद पालिका के द्वारा जनता की मांग पर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा महोत्सव में जनता के मनोरंजन के लिए झूले चरखो के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों के अलावा अन्य राज्यों से आए व्यापारियों के द्वारा विभिन्न प्रकार की दुकानें लगाई जा रही हैं। तथा रात्रि में स्टार् नाइट का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने जनता से अधिक से अधिक संख्या में आकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने बताया आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के द्वारा महोत्सव का शुभारंभ किया जाना था पर वर्षा के कारण मुख्यमंत्री का दौरा रद्द हो गया। पालिका अध्यक्ष ने कहा जल्द ही मुख्यमंत्री महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने बताया बारिश की वजह से कार्यक्रम में व्यवधान पड़ा है। स्टार नाइट के कार्यक्रमो में परिवर्तन किया गया है जिसकी सूचना जल्द जारी की जाएगी। वही महोत्सव को लेकर क्षेत्रीय जनता में काफी उत्साह है पर मौसम के बिगड़ते मिजाज ने पहले दिन रंग में भंग डाला है। हालांकि कलश यात्रा निकलते ही मौसम सुहावना हो चुका है।

उद्घाटन अवसर पर दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडे, मुकेश महराना, हेमा जोशी,विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, शंकर दत्त पांडे,ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, सीएम कैंप कार्यालय प्रभारी केदार बृजवाल, पूर्व प्रमुख रेखा देवी,विकास शाह, कैलाश अधिकारी, सूरज प्रहरी , प्रेमा चिल्कोटी सहित समस्त वार्ड सभासद मौजूद रहे।