रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट ट्रेंचिंग ग्राउंड में लीगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण का कार्य शुरू।
Laxman Singh Bisht
Tue, Mar 10, 2026
लोहाघाट ट्रेंचिंग ग्राउंड में लीगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण का कार्य शुरू।
पालिका अध्यक्ष ने नारियल तोड़ प्लांट का किया शुभारंभ।
नगर पालिका परिषद लोहाघाट के शंखपाल स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में वर्षों से एकत्रित लीगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है जिसका शुभारंभ आज मंगलवार को पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा के द्वारा किया गया। इसके लिए ट्रॉमल मशीन का उपयोग किया जा रहा है जिसके माध्यम से कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित कर नियमानुसार निस्तारित किया जा रहा है।नगर पालिका द्वारा कचरे को जैविक, अजैविक तथा इनर्ट श्रेणियों में अलग कर वैज्ञानिक पद्धति से उसका प्रबंधन किया जा रहा है। इससे पुराने कूड़े के ढेर को खत्म करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा।इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने कहा कि नगर पालिका द्वारा ट्रेंचिंग ग्राउंड में जमा लीगेसी वेस्ट के शीघ्र निस्तारण के लिए कार्य तेजी से किया जा रहा है। ट्रॉमल मशीन के माध्यम से कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित कर वैज्ञानिक तरीके से उसका निस्तारण किया जाएगा, जिससे वर्षों से जमा कूड़े के ढेर को समाप्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में नगर में उत्पन्न होने वाले कूड़े का भी बेहतर प्रबंधन किया जाएगा और घर-घर से कूड़ा पृथक रूप में एकत्रित कर उसका नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ और सुंदर लोहाघाट बनाने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। इसलिए सभी लोग अपने घरों से निकलने वाले कूड़े को गीला और सूखा अलग-अलग रखें तथा नगर पालिका की कूड़ा गाड़ी को ही दें और खुले में कूड़ा फेंकने से बचें। यदि सभी नागरिक इस दिशा में सहयोग करेंगे तो नगर को स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सकेगा।
वहीं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी ने कहा कि लोहाघाट में वर्षों से एकत्रित लीगेसी वेस्ट का चरणबद्ध तरीके से निस्तारण किया जा रहा है। इसके साथ ही भविष्य में उत्पन्न होने वाले ताजा कूड़े का प्रबंधन डोर-टू-डोर कलेक्शन और सेग्रीगेशन के माध्यम से किया जाएगा, जिससे कूड़े का सही तरीके से निस्तारण संभव हो सके।उन्होंने भी नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग स्वयं में सकारात्मक परिवर्तन लाते हुए अपने घरों से निकलने वाले कूड़े को अलग-अलग श्रेणियों में रखकर नगर पालिका को दें, ताकि कूड़ा प्रबंधन की प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके और लोहाघाट नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाया जा सके। उन्होंने बताया प्लांट लिगेसी बेस्ट को दो श्रेणियां में बांटा जाएगा।
जिससे खाद तैयार की जाएगी जो क्षेत्र के किसानों को उचित दरों में उपलब्ध कराई जाएगी तथा दूसरी श्रेणी को सीमेंट फैक्ट्री को उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा इस प्रक्रिया से जहां पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो वही पालिका की आय में भी बढ़ोतरी होगी।