रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:खाद्य सुरक्षा विभाग का निरीक्षण 03 खाद्य पदार्थों के लिए सैंपल एनालॉग पनीर की बिक्री पर सख्त पाबंदी
Laxman Singh Bisht
Wed, Aug 12, 2026
खाद्य सुरक्षा विभाग का निरीक्षण 03 खाद्य पदार्थों के लिए सैंपल एनालॉग पनीर की बिक्री पर सख्त पाबंदी

जनपद में जनस्वास्थ्य एवं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा चम्पावत स्थित शांत बाजार क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत क्षेत्र के विभिन्न फास्ट फूड सेंटरों, बेकरी, मिष्ठान दुकानों तथा रेस्टोरेंटों सहित कई खाद्य प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा प्रतिष्ठानों के एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस की अद्यतन स्थिति, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, उनके भंडारण एवं रख-रखाव, रसोई की स्वच्छता (किचन हाइजीन) तथा प्रयोग में लाए जा रहे कच्चे माल की गुणवत्ता का बारीकी से परीक्षण किया गया।निरीक्षण की इस कार्यवाही के दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच हेतु खोया, मिठाई एवं पके हुए भोजन (कुक्ड फूड) के कुल 03 नमूने संग्रहित कर राजकीय विश्लेषक प्रयोगशाला को प्रेषित किए गए हैं। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। जांच के दौरान विभाग द्वारा सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सामग्री की शुद्धता व गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा अपने-अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छता के उच्च मानकों का पालन करने हेतु कड़े निर्देश जारी किए गए।इसके साथ ही, आयुक्त, एफडीए उत्तराखंड द्वारा राज्य में एनालॉग पनीर के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कारोबारियों को कहा कि किसी भी स्थिति में मिलावटी या कृत्रिम (एनालॉग) पनीर का क्रय-विक्रय न किया जाए और केवल शुद्ध दूध से निर्मित गुणवत्तायुक्त पनीर एवं दुग्ध उत्पादों का ही व्यापार किया जाए। इस आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी। इस विशेष निरीक्षण अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी एवं सहायक दिनेश फर्त्याल मुख्य रूप से शामिल रहे।