रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:डीएम ने दिए नशा तस्करी व मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर सख़्त कार्रवाई के निर्देश।
Laxman Singh Bisht
Fri, May 15, 2026
डीएम ने दिए नशा तस्करी व मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर सख़्त कार्रवाई के निर्देश।
सार्वजनिक वाहनों में नशा तस्करी की संभावना को देखते हुए चेकिंग के दिए आदेश

जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय एनकोर्ड समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध व्यापार एवं नशे के सेवन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने सार्वजनिक वाहनों के माध्यम से मादक पदार्थों के परिवहन की संभावनाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान संचालित किए जाएं। उन्होंने हाईवे, बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने को कहा।

बैठक में पुलिस विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि वर्ष 2025 से वर्तमान तक जनपद में कुल 1211 नाली भांग की अवैध खेती नष्ट की गई है। वहीं वर्ष 2026 में अब तक कुल 22 अभियोगों में 26 अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।जिलाधिकारी ने स्कूलों एवं महाविद्यालयों में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम एवं संवाद आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आवश्यकता अनुसार शिक्षण संस्थानों में ड्रग डिटेक्शन किट उपलब्ध कराने तथा एंटी ड्रग कमेटियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव ने बताया कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना अथवा शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल-फ्री नंबर 1933 एवं ‘मानस पोर्टल’ का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है।जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को विशेष काउंसलर्स एवं चिकित्सकों के माध्यम से विद्यालयों और महाविद्यालयों में नशा मुक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु प्रवर्तन कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने, धरपकड़ अभियान तेज करने तथा अवैध वित्तीय लेनदेन को ट्रेस कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि पंचायत बैठकों में “नशा मुक्त एवं ड्रग फ्री देवभूमि” को एजेंडा बिंदु के रूप में शामिल कर जनजागरूकता बढ़ाई जाए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।