रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रशासन गंभीर, ककनई में 13 लाख की लागत से पूर्व में ही बनाई जा चुकी है पैदल पुलिया
बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रशासन गंभीर, ककनई में 13 लाख की लागत से पूर्व में ही बनाई जा चुकी है पैदल पुलिया

खंड शिक्षा अधिकारी ने स्कूली बच्चो और उनके अभिभावकों से स्कूल जाने के लिए सुरक्षित मार्ग उपयोग करने की अपील की

बूंगा दुर्गापीपल तोक से ककनई इंटर कॉलेज तक बच्चों के आवागमन को लेकर पोर्टल पर प्रसारित खबर के संबंध में जिला प्रशासन की ओर से खंड शिक्षा अधिकारी भारत जोशी ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन के लिए ग्राम पंचायत ककनई के तलाई गधेरे में महत्वाकांक्षी ज्ञान सेतु अभियान के अंतर्गत लगभग 13 लाख रुपये की लागत से पैदल पुलिया का पुनर्निर्माण कार्य पूर्व में ही कराया जा चुका है। उक्त पुलिया वर्तमान में आवागमन के लिए उपलब्ध एवं सुरक्षित मार्ग है।उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा बच्चों के सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता देते हुए यह कार्य ज्ञान सेतु से कराया गया है। ऐसे में विद्यालय जाने के लिए नदी अथवा गधेरे के दुर्गम एवं जोखिमपूर्ण हिस्सों से होकर जाने की आवश्यकता नहीं है।प्रधानाचार्य गणेश सिंह एवं स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ छात्र-छात्राएं लगभग एक किलोमीटर की दूरी बचाने के लिए निर्धारित सुरक्षित मार्ग के बजाय शॉर्टकट रास्तों का उपयोग करते हैं। बरसात के दौरान गधेरे एवं नदी का जलस्तर बढ़ने पर ऐसे रास्तों से आवागमन करना जोखिमपूर्ण हो सकता है।खंड शिक्षा अधिकारी श्री भारत जोशी ने सभी छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील की है कि बरसात के मौसम में केवल निर्धारित एवं सुरक्षित मार्ग से ही आवागमन करें। अनावश्यक रूप से दुर्गम, नदी-नालों अथवा ऐसे रास्तों का प्रयोग न करें जो आवागमन के लिए निर्धारित नहीं हैं। बच्चों की सुरक्षा के लिए अभिभावक भी उन्हें सुरक्षित मार्ग से ही विद्यालय आने-जाने के लिए प्रेरित करें।