रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : पाटी:विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर बच्चों ने बनाई तंबाकू विरोधी पेंटिंग, लोगों को किया जागरूक
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर बच्चों ने बनाई तंबाकू विरोधी पेंटिंग, लोगों को किया जागरूक

चंपावत जिले में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत शनिवार को एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पाटी स्थित विद्यामंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों और उससे होने वाली गंभीर बीमारियों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों को तंबाकू के खिलाफ जागरूक किया गया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंपावत डॉ. देवेश चौहान के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक अमर चंद ठाकुर ने विद्यार्थियों को बताया कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। उन्होंने बच्चों से नशामुक्त समाज बनाने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर संगीता ने कहा कि तंबाकू एक धीमे जहर की तरह है, जो विशेष रूप से युवाओं को तेजी से अपनी गिरफ्त में ले रहा है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपने परिवार और गांव के लोगों को भी तंबाकू के नुकसान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।इस अवसर पर तंबाकू निषेध विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 150 बच्चों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में मनीष गहतोड़ी ने प्रथम, रीया ने द्वितीय और दिव्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में 40 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर तंबाकू मुक्त समाज का संदेश दिया।कार्यक्रम में एएनएम पूजा नयाल, बबीता, आशा, ममता और विद्यालय केशिक्षक-शिक्षिकाओं सहित कई लोग मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और समाज को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज की दिशा में कदम बढ़ाना है।