रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट।सड़क की मांग को लेकर राईकोट बुंगा के ग्रामीणों का प्रदर्शन बीमार बुजुर्गों को 3 किलोमीटर डोली से लाए अस्पताल।
Laxman Singh Bisht
Wed, Sep 17, 2025
सड़क की मांग को लेकर राईकोट बुंगा के ग्रामीणों का प्रदर्शन बीमार बुजुर्गों को 3 किलोमीटर डोली से लाए अस्पताल।
15 साल पूर्व विधायक निधि से कटी सड़क की किसी ने नहीं ली सुध
ग्रामीणों ने विधायक व जनप्रतिनिधियों पर लगाए झूठे आश्वासन देने के आरोप।
मांग पूरी न होने पर 2027 विधानसभा चुनाव बहिष्कार की धमकी।
लोहाघाट।आदर्श चंपावत जिले में मरीजों व गर्भवती महिलाओं को डोलियों में अस्पताल पहुंचाना आम बात हो चुकी है। आज बुधवार को लोहाघाट विधानसभा के राईकोट कुंवर ग्राम सभा के बुंगा राईकोट निवासी बुजुर्ग विक्रम सिंह बिष्ट (80) की तबीयत अचानक खराब हो गई गांव की सड़क में चौपहिया वाहनों का संचालन न होने से गांव के युवा बीमार बुजुर्ग को डोली में 3 किलोमीटर पैदल चल जानलेवा सड़क से मुख्य सड़क तक लाए ।इसके बाद बुजुर्ग को वाहन के जरिए लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। राजेंद्र सिंह बिष्ट, विजय सिंह ,सुरेश सिंह व जीवन सिंह ने बताया आज से 15 वर्ष पूर्व विधायक निधि से बुंगा राईकोट के लिए सड़क काटी गई थी। पर तब से लेकर आज तक सड़क की सुध नहीं ली गई ।
ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक खुशाल सिंह अधिकारी व शासन प्रशासन पर उनकी अनदेखी का आरोप लगाया ।ग्रामीणों ने कहा क्षेत्रीय विधायक के द्वारा गांव आकर उन्हें सड़क सुधारीकरण का आश्वासन दिया था जो आश्वासन का आश्वासन ही रह गया ग्रामीणों ने कहा चाहे बीजेपी सरकार रही हो चाहे कांग्रेस सरकार किसी ने भी उनकी सुध नहीं ली। ग्रामीणों ने कहा बरसात में सड़क पूरी तरह जानलेवा बनी है बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद है ।
ग्रामीण किसी तरह जान हथेली में रख दो पहिया वाहनों से या पैदल आवाजाही कर रहे हैं ।सड़क में चौपहिया वाहनों का संचालन नहीं हो पाता है ।बरसात में बच्चे स्कूल तक नहीं जा पाते हैं, कृषि उत्पादों को उन्हें बाजार लाने में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है बीमार व गर्भवती महिलाओं को डोली के सहारे अस्पताल लाया जाता है। कुछ दिन पूर्व एक युवा स्कूटी सहित बह गया था जिसकी जान ग्रामीणों ने किसी तरह बचाई।
ग्रामीणों ने जिला अधिकारी चंपावत व मुख्यमंत्री से सड़क सुधारीकरण की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों ने चेतावनी दी अगर गांव की सड़क की सुध नहीं ली गई तो ग्रामीण 2027 विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे तथा वोट मांगने आने वाले किसी भी प्रत्याशी को गांव में किसी भी कीमत में नहीं घुसने दिया जाएगा ।ग्रामीणों में विधायक , जनप्रतिनिधियों व सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने कहा नेता सिर्फ अपना घर भरते हैं जनता की किसी को परवाह नहीं है। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क में खड़े होकर शासन प्रशासन व जनप्रतिनिधि के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन करने में राजेंद्र सिंह बिष्ट, विजय सिंह बिष्ट ,सुरेश सिंह, कैलाश सिंह ,जीवन सिंह ,चंचल सिंह ,संजय सिंह ,साहिल सहित कई युवा मौजूद रहे।