रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट :अवैध पार्किंग से पंचेश्वर तिराहे से टीआरसी तक सड़क पर लग रहा जाम,लोगों ने कार्यवाही की उठायी माँग
Laxman Singh Bisht
Wed, Nov 12, 2025
लोहाघाट अवैध पार्किंग से पंचेश्वर तिराहे से टीआरसी तक सड़क पर लग रहा जाम,लोगों ने कार्यवाही की उठायी माँग
लोगों की प्रशासन से पर्यटक आवास गृह पार्किंग संचालित करने की मांग।
जाम का झाम जनता के लिए बना मुसीबत।
लोहाघाट। नगर के व्यस्त मार्ग पंचेश्वर तिराहे से लेकर टीआरसी तक इन दिनों जाम की समस्या लोगों के लिए सिरदर्द बन चुकी है। सड़क के दोनों किनारों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के कारण दिनभर यातायात व्यवस्था चरमराई रहती है। यह सड़क लोहाघाट का मुख्य मार्ग होने के कारण हर समय वाहनों की आवाजाही रहती है, लेकिन अवैध पार्किंग ने हालात इतने बिगाड़ दिए हैं कि कुछ कदम चलने में भी लोगों को मिनटों लग जाते हैं।सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों की बसें और दफ्तर जाने वाले लोगों के वाहन जाम में फंस जाते हैं, जबकि शाम को बाजार बंद होने के वक्त तो स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहन भी इस जाम में फंस जाते हैं, जिससे आपातकालीन स्थितियों में परेशानी बढ़ जाती है।लोगों ने बताया कि वाहन चालक रोज़ाना सड़क किनारे अपनी गाड़ियाँ खड़ी कर चले जाते हैं, जिससे पूरे दिन रास्ता अवरुद्ध रहता है।लोगों ने मांग की है कि अवैध रूप से खड़ी गाड़ियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। कहा यदि प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाया, तो आने वाले दिनों में यह समस्या पूरे नगर के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकती है। लोगों ने कहा पर्यटक आवास गृह लोहाघाट की पार्किंग का निर्माण कार्य पूरा हुए लंबा समय बीत चुका है। पर उसके बावजूद पार्किंग को संचालित नहीं किया जा रहा है ।जिस कारण यह समस्या बनी हुई है ।लोगों ने जिला अधिकारी चंपावत से पर्यटक आवास गृह पार्किंग संचालित कर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।