रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट:जेएनयू जैसे संस्थानों की उत्तराखण्ड राज्य में है आवश्यकता- डॉ शक्टा
Laxman Singh Bisht
Thu, Sep 25, 2025
..जेएनयू जैसे संस्थानों की उत्तराखण्ड राज्य में है आवश्यकता- डॉ शक्टा
उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखण्ड सरकार द्वारा आयोजित मुख्यमन्त्री उच्च शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन एवं ज्ञानवर्धन प्रशिक्षण योजना के अन्तर्गत शैक्षिक भ्रमण से लौटे स्वामी विवेकानन्द राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट के संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ कमलेश शक्टा का स्वागत और अभिनन्दन किया गया।दिनांक 15 से 20 सितम्बर के मध्य आयोजित इस शैक्षिक भ्रमण का केन्द्र जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय नई दिल्ली रहा। जहां मदन मोहन मालवीय शिक्षक प्रशिक्षण केन्द्र में उत्तराखण्ड के उच्च शिक्षा से जुडे़ 40 शिक्षकों को इस केन्द्र में कई महत्वपूर्ण विषयों से अवगत कराया गया, व उच्च स्तरीय व्याख्यान आयोजित किये गये। इस दौरान शिक्षकों ने विश्वविद्यालय में संचालित हो रहे अनेक रचनात्मक क्रियाकलापों और अनुसंधानों पर भी दृष्टिपात किया, इस दौरान दल के सदस्यों ने राष्ट्रीय संग्रहालय का विशद अवलोकन कर कई ऐतिहासिक जानकारियां प्राप्त कीं। साथ ही मुगलकालीन ऐतिहासिक हुमायूं का मकबरा, व कुतुबमीनार का भ्रमण किया। अक्षरधाम में वर्तमान समय में की गयी उन्नत कारीगरी को देखकर दल के सदस्य अभिभूत हो गये। अक्षरधाम में की गयी नक्काशी वर्तमान समय की एक अद्भुत कारीगरी है, अक्षरधाम में नौकायान के द्वारा भारत की विकास यात्रा को बेहद खास ढंग से दर्शाया गया है। दल के सदस्यों ने सहमति जताई कि इस तरह की शैक्षिक यात्रा विद्यार्थियों के लिए प्रति वर्ष अनिवार्य करनी चाहिए। डॉ शक्टा ने बताया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को समर्पित यह विश्वविद्यालय भारत का अग्रणी शैक्षणिक संस्थान है। और यहां पर आकर अध्ययन करना हर विद्यार्थी का सपना होता है। परिसर का प्राकृतिक वातावरण भी प्रकृति प्रेम का एक अद्वितीय उदाहरण है, जहां अनेक पशु पक्षी निर्भय होकर विचरण करते हैं, इस प्रकार जेएनयू जैसे संस्थानों के उत्तराखण्ड राज्य में भी विकसित होने से शिक्षा की गुणवत्ता में अभूतपूर्व परिवर्तन हो सकता है।महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. संगीता गुप्ता ने डॉ शक्टा की इस शैक्षिक यात्रा की सराहना की और आशा की कि महाविद्यालय में भी विद्यार्थियों के मध्य उत्कृष्ट वातावरण बनाने में ये अनुभव कारगर सिद्ध होंगे। इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ बी पी ओली, डॉ अपराजिता, डॉ लता कैड़ा, डॉ पंकज टम्टा, डॉ रवि सनवाल, डॉ रुचिर जोशी, डॉ दिनेश व्यास, डॉ दिनेश राम, डॉ के सी जोशी, डॉ अभिषेक पन्त, डॉ मनोज कुमार, डॉ सुनील कुमार, डॉ नीरज काण्डपाल, डॉ श्यामेन्द्र प्रताप सिंह, श्रीमती चन्द्रा जोशी, विनोद पाटनी आदि ने बधाई दी।