रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : लाल कुआं क्षेत्र में भालू के हमले में पशुपालक की मौत क्षेत्र में दहशत।
Laxman Singh Bisht
Sun, Apr 26, 2026
लाल कुआं क्षेत्र में भालू के हमले में पशुपालक की मौत क्षेत्र में दहशत।

नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र में ग्रामीण इलाकों से सटे जंगलों में हिंसक जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन हो रहे हमलों से ग्रामीणों में डर का माहौल है। घटना किशनपुर रेंज के अंतर्गत रैखाल खत्ता की है जहां भालू के हमले में एक पशुपालक की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रैखाल खत्ता निवासी मोहम्मद आरिफ (45 वर्ष), पुत्र मोहम्मद ताहिर, बीती रात अपने दुधारू पशुओं को देखने के लिए घर के पास स्थित जंगल में गए थे। इसी दौरान अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और तब तक नहीं छोड़ा जब तक उनकी मौत नहीं हो गई।

घटना के दौरान आरिफ द्वारा मचाए गए शोर को सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों को आता देख भालू जंगल की ओर भाग गया।घटना की सूचना तुरंत किशनपुर रेंज के वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही तराई पूर्वी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी हिमांशु बंगड़ी और एसडीओ अनिल कुमार जोशी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को सांत्वना दी और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।, सूचना पर चोरगलिया पुलिस भी मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया।मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन पुत्रों को छोड़ गए हैं। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों से सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।