रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : डांसर पर नोट लुटाते नजर आए पूर्व भाजपा विधायक चैंपियन
Laxman Singh Bisht
Sun, Feb 22, 2026
डांसर पर नोट लुटाते नजर आए पूर्व विधायक चैंपियन
उत्तराखंड की राजनीति में 'विवादों के राजा' कहे जाने वाले पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर चर्चा में हैं। लेकिन चर्चा उनके किसी जनहित के काम की नहीं, बल्कि उनके उसी पुराने 'शाही' और विवादित अंदाज़ की हो रही है। जेल की हवा खाने के बाद भी चैंपियन के तेवर बदले नहीं हैं। हाल ही में एक नया वीडियो सामने आया है जिसमें साहब जनता की समस्याओं को भूल, महफिल में नोट लुटाते नजर आ रहे हैं। उत्तराखंड की खानपुर सीट से पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन गौर से देखिए इन तस्वीरों को जहाँ एक तरफ प्रदेश की जनता विकास और बुनियादी समस्याओं के लिए संघर्ष कर रही है, वहीं चैंपियन साहब बंद कमरे में नाच-गाने का आनंद ले रहे हैं।वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि कैसे एक महिला डांसर के डांस पर चैंपियन साहब मदहोश हैं और जमकर रुपए लुटा रहे हैं। इतना ही नहीं, उनके समर्थक भी पीछे नहीं हैं वे उनकी नज़र उतारकर डांसर को पैसे थमा रहे हैं।गौरतलब है कि प्रणव सिंह चैंपियन का विवादों से पुराना नाता रहा है। कभी हथियारों के साथ डांस, तो कभी पत्रकारों को धमकी उनकी इन्हीं हरकतों की वजह से पिछले विधानसभा चुनाव में क्षेत्र की जनता ने उन्हें सिरे से नकार दिया था। लेकिन हार के बाद भी उनके व्यवहार में कोई सुधार नहीं दिख रहा है।सोशल मीडिया पर लोग पूछ रहे हैं कि क्या भारतीय संस्कृति का मजाक उड़ाना ही इन तथाकथित 'राजाओं' का काम रह गया है? जेल जाने के बाद माना जा रहा था कि चैंपियन अब शांत होंगे, लेकिन ये नया वीडियो बता रहा है कि "शेर बूढ़ा हुआ है, शिकार करना नहीं भूला"भले ही वो शिकार अब अपनी ही राजनीतिक साख का क्यों न हो।जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया ताकि वे आत्मचिंतन कर सकें, लेकिन चैंपियन साहब शायद अपनी ही दुनिया में मस्त हैं।