रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:स्वाला का जाम यात्रियों के लिए बना मुसीबत। कीचड़ में फंस रहे हैं वाहन
Laxman Singh Bisht
Wed, Aug 27, 2025
स्वाला का जाम यात्रियों के लिए बना मुसीबत। कीचड़ में फंस रहे हैं वाहन
करोड़ों खर्च होने के बावजूद स्थिति जस की तस। पत्थर गिरने का बना हुआ है खतरा।
चंपावत टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग में स्वाला के पास समय-समय पर लग रहा है लंबा जाम यात्रियों के लिए बना सिरदर्द
चंपावत टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग का डेंजर जॉन स्वाला इस वर्ष भी यात्रियों के लिए सरदर्द बनकर सामने आ रहा है। आए दिन यहां पर समय-समय पर लंबा जाम लगने से आवागमन करने में यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को भी चंपावत टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग में स्वाला के समीप पहाड़ी से मलवा एवं पत्थर आने के कारण उसे हटाने के दौरान लंबा जाम लगा रहा है। एक किलोमीटर से अधिक लंबे जाम में फंसे हुए वाहन चालकों व यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लगातार आए दिन जनपद में हो रही मूसलाधार बारिश से स्वाला के समीप पहाड़ी से मलवा और पत्थर गिरने के कारण यह मार्ग यात्रा के लिए खतरे से खाली नहीं है। किसी भी समय कोई बड़ी घटना घट सकती है। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के मध्यनजर मार्ग को रात्रि आवागमन के लिए बंद किया है। लेकिन लगातार पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण खतरा बना हुआ है। वहीं वाहन चालकों का कहना है स्वाला डेंजर जोन में सड़क में काफी कीचड़ हो गई है जिसमें वाहन फ़स रहे हैं। कई वाहनों को नुकसान भी पहुंच चुका है कहा एनएच के द्वारा करोड़ों रुपए खर्च करने के बावजूद भी स्वाला की स्थिति में कोई फर्क नहीं आया है। वाहन चालकों ने कहा स्वाला में वह लोग जान हथेली में रखकर वाहनों का संचालन कर रहे हैं।