रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट 👹👹 : चंपावत:मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण हुआ संपन्न चम्पावत में पंचायत चुनाव-2025 की तैयारियों ने पकड़ी गति
Laxman Singh Bisht
Mon, Jul 21, 2025
मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण हुआ संपन्न
चम्पावत में पंचायत चुनाव-2025 की तैयारियों ने पकड़ी गति
त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद चम्पावत में तैयारियां तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को गोरलचौड़ मैदान स्थित राजकीय प्रेक्षागृह में विकासखंड बाराकोट के लिए नियुक्त सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट, पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारियों (प्रथम से चतुर्थ) के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।मुख्य विकास अधिकारी डॉ० जी एस खाती और उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) की उपस्थिति में संपन्न हुए इस सत्र में कुल 365 मतदान कार्मिकों ने भाग लिया, जिसमें 65 पार्टियों के सदस्य शामिल थे।
प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए, डॉ० खाती ने इस बात पर ज़ोर दिया कि चुनाव की निष्पक्षता केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक मतदान कार्मिक की व्यक्तिगत और सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी कार्मिकों से अपने पूर्व के अनुभवों को साझा करने, व्यवहारिक परिस्थितियों के लिए खुद को तैयार रखने और सहकर्मियों के साथ मिलकर तैयारी करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया जाए और मतदाताओं के अधिकारों की गोपनीयता और सम्मान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि निर्वाचन प्रक्रिया की गरिमा बनाए रखने के लिए सभी कार्मिकों का अनुशासित, मर्यादित और सजग रहना ज़रूरी है।
प्रशिक्षण सत्र में मास्टर ट्रेनरों ने निर्वाचन की सभी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं पर विस्तार से जानकारी दी। इसमें बैलेट बॉक्स की सीलिंग, मतदान अभिकर्ता की नियुक्ति, मतदाता की पहचान की पुष्टि, पीठासीन अधिकारी की डायरी, मतपत्र लेखा, पेपर सील लेखा और सुभिन्नक मुहर जैसे विषयों को शामिल किया गया। मतदान के बाद सामग्री की सीलिंग, दस्तावेजों का सुरक्षित रखरखाव और संग्रह केंद्र तक सुरक्षित पहुँचाने संबंधी विषयों को भी बारीकी से समझाया गया। प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पीपीटी और वीडियो प्रस्तुतियों का इस्तेमाल किया गया, जिससे प्रतिभागियों की शंकाओं का तुरंत समाधान हो सका।प्रशिक्षण के बाद, जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गोरलचौड़ मैदान स्थित स्ट्रांग रूम और मतदान रवानगी स्थल की तैयारियों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने प्रशिक्षण में उपस्थित कार्मिकों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का भी स्थलीय परीक्षण किया। उन्होंने पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों को पौष्टिक, स्वच्छ और गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।इस अवसर पर नोडल प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर श्री जीवन कलौनी, डॉ. एम.पी. जोशी, प्रकाश उपाध्याय, पीठासीन अधिकारी, नोडल अधिकारी मतपेटी ईई ग्रामीण निर्माण विभाग बृजमोहन आर्या, सुभाष पांडे, एम सी ओली सहित मतदान अधिकारी और चुनाव ड्यूटी से संबंधित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।