रिपोर्ट :लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:संतुलित विकास व मास्टर प्लान को लेकर बैठक 13 नवंबर को - बैठक में जिले के विभिन्न अधिकारी करेंगे प्रतिभाग
Laxman Singh Bisht
Sat, Nov 8, 2025
संतुलित विकास व मास्टर प्लान को लेकर बैठक 13 नवंबर को
- बैठक में जिले के विभिन्न अधिकारी करेंगे प्रतिभाग
चम्पावत। नगर के समग्र व संतुलित विकास के उद्देश्य से तैयार की जा रही चम्पावत मास्टर प्लान की अद्यतन प्रगति की समीक्षा बैठक 13 नवंबर को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। बैठक में सुझाव प्राप्त करने हेतु सभी हितधारकों से अपील की जाती है। शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि बैठक में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग, कार्यदायी संस्थाएं, स्थानीय निकाय, विभिन्न विभाग तथा नागरिक हितधारक सहभागी होंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य मास्टर प्लान की प्रगति की समीक्षा करना और हितधारकों से प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों पर विचार करते हुए योजना को अधिक लोगों तक पहुंचना और सरल बनाना है। इससे पूर्व में 03 अक्टूबर को आयोजित बैठक में सभी महायोजनाओं के प्रारंभिक ड्राफ्ट पर चर्चा की गई थी। अब यह बैठक विशेष रूप से चम्पावत मास्टर प्लान के अद्यतन प्रारूप पर केंद्रित रहेगी। जिसमें नागरिकों, संस्थाओं एवं विभागों के सुझावों को सम्मिलित किया जाएगा। बैठक में सभी संबंधित विभागों एवं हितधारकों से अनुरोध है कि वे बैठक में प्रतिभाग करते हुए अपने सुझाव एवं आपत्तियाँ प्रस्तुत करें। जिससे मास्टर प्लान को स्थानीय आवश्यकताओं, पर्यावरणीय संरक्षण एवं भविष्य की विकास संभावनाओं के अनुरूप बनाया जा सके। इस योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं प्रगति रिपोर्ट champawat.nic.in पर उपलब्ध कराई गई है।