रिपोर्ट :लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:21–22 नवम्बर को जिलेभर में सघन मोटर वाहन चैकिंग अभियान—यातायात नियम उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
Laxman Singh Bisht
Wed, Nov 19, 2025
21–22 नवम्बर को जिलेभर में सघन मोटर वाहन चैकिंग अभियान—यातायात नियम उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने एवं यातायात नियमों के कड़ाई से पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा 21 और 22 नवम्बर को जिलेभर में मोटर वाहनों की सघन जाँच अभियान संचालित किया जाएगा।एआरटीओ टनकपुर के अनुसार अभियान के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 128, 129 एवं 194D से संबंधित उल्लंघनों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।विशेष रूप से दुपहिया वाहन चालक और पीछे बैठी सवारी द्वारा हेलमेट/हार्नेस का अनिवार्य उपयोग, तथा पीछे बैठे चार वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को बाल-सुरक्षा हेलमेट पहनाना जरूरी होगा। एआरटीओ(ARTO) ने कहा कि यह नियम सड़क सुरक्षा की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और किसी भी स्थिति में इनका उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।अभियान के दौरान निम्न बिंदुओं पर भी सख्ती से कार्यवाही की जाएगी— वाहनों में अनधिकृत लाल/नीली बत्ती का प्रयोग, गैरकानूनी हूटर/सायरन का उपयोग, फिटनेस प्रमाणपत्र के बिना चलाए जा रहे वाहन, बिना परमिट के संचालित वाहन।स्पष्ट किया गया है कि फिटनेस प्रमाणपत्र न होने या बिना वैध परमिट पाए जाने पर संबंधित वाहन को तत्काल जब्त कर लिया जाएगा।परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें, दुपहिया वाहन चलाते समय स्वयं और पीछे बैठी सवारी अवश्य हेलमेट पहनें, यदि पीछे बच्चा बैठा है तो उसकी सुरक्षा हेतु उपयुक्त आकार का हेलमेट पहनाना सुनिश्चित करें, सभी आवश्यक दस्तावेज—ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, आरसी, फिटनेस, परमिट आदि—अद्यतन एवं वाहन में उपलब्ध रखें।विभाग ने बताया कि यह दो दिवसीय अभियान सड़क दुर्घटनाओं में रोकथाम, वाहनों के सुरक्षित संचालन, तथा जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है।