रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:वीआईपी कवरेज में अपमान बर्दाश्त नहीं: चंपावत जिला पत्रकार संगठन का सख्त रुख।
Laxman Singh Bisht
Sat, Feb 14, 2026
वीआईपी कवरेज में अपमान बर्दाश्त नहीं: चंपावत जिला पत्रकार संगठन का सख्त रुख।
सूचना विभाग से सम्मानजनक व्यवस्था की मांग, डीएम की मौजूदगी में होगी वार्ता।
मांग न मानी जाने पर वीआईपी कार्यक्रम कवरेज का किया जाएगा बहिष्कार।
चंपावत। वीआईपी और वीवीआईपी कार्यक्रमों की कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ हो रहे व्यवहार को लेकर चंपावत जिला पत्रकार संगठन की वर्चुअल बैठक में गहरा आक्रोश देखने को मिला। पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि सूचना विभाग की ओर से पास जारी होने के बावजूद कार्यक्रम स्थल पर उन्हें अपमानजनक स्थितियों का सामना करना पड़ता है। कई बार व्यवस्था ऐसी होती है कि पत्रकार अपनी आपत्ति तक दर्ज नहीं कर पाते। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिलाधिकारी की उपस्थिति में जिला सूचना अधिकारी से वार्ता कर सम्मानजनक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी ।कई पत्रकारों ने वीआईपी कार्यक्रम कवरेज के बहिष्कार की मांग की। संगठन के जिला अध्यक्ष चंद्रबलभ ओली ने बैठक का शुभारंभ करते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के सजग प्रहरी हैं और समाज व प्रशासन के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने वाले पत्रकारों की गरिमा की रक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। बैठक में संगठन द्वारा जारी परिचय पत्रों के नवीनीकरण पर भी चर्चा की गई। इसके लिए आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाण पत्र, संस्थान द्वारा जारी अधिकृत पत्र, मोबाइल नंबर, ब्लड ग्रुप तथा पासपोर्ट साइज फोटो जमा करना अनिवार्य होगा। पत्रकार मान्यता के विषय में भी विचार-विमर्श किया गया और निर्धारित मापदंडों के अंतर्गत आने वाले पत्रकारों से प्रपत्र भरकर आवश्यक दस्तावेज संगठन में जमा करने को कहा गया। लंबे समय से कार्यरत पत्रकार अपने मेडिकल वाउचर संलग्न कर मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र संगठन के माध्यम से भेज सकेंगे। बैठक का संचालन करते हुए जिला महामंत्री गिरीश बिष्ट ने बताया कि संगठन को और अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए तहसील स्तर पर भी इकाइयों का गठन किया जाएगा। मुख्यमंत्री के नोडल अधिकारी के साथ पत्रकारों का होली मिलन कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिस पर शीघ्र निर्णय लेने की बात कही गई। कुछ पत्रकारों ने सुझाव दिया कि यदि मुख्यमंत्री की उपस्थिति कार्यक्रम में हो जाए तो आयोजन को नई गरिमा मिल सकती है। बैठक में वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडे, देवेंद्र देवा, कुंदन सिंह बिष्ट, महेंद्र सिंह बिष्ट, नवीन भट्ट, बाबूलाल यादव, नवीन देऊपा, विनोद जोशी, दीपक धामी, विनोद चतुर्वेदी, भूपेश प्रजापति, सतीश जोशी, पंकज पाठक, लक्ष्मण सिंह बिष्ट, जगदीश जोशी,राजीव मुरारी, हयात राम, राहुल, सुबोध, नवनीत गहतौड़ी, हरिश्चंद्र पांडे, मनोज कापड़ी, सचिव शुभम गौड़, दिनेश भट्ट सहित अनेक पत्रकारों ने चर्चा में भाग लिया। अंत में सभी पत्रकारों ने संगठन को मजबूत और एकजुट बनाने का संकल्प दोहराते हुए पत्रकार सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने की बात कही।