रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत :नकल माफियाओं पर रहेगी कड़ी नज़र, पारदर्शिता के साथ होगी यूकेएसएससी स्नातक परीक्षा
Laxman Singh Bisht
Sat, Sep 20, 2025
नकल माफियाओं पर रहेगी कड़ी नज़र, पारदर्शिता के साथ होगी यूकेएसएससी स्नातक परीक्षा
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा कल 21 सितम्बर को जनपद चम्पावत में सम्पन्न होगी। इस परीक्षा हेतु जिले में कुल 12 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहाँ 3426 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का पूर्व निरीक्षण करें और परीक्षा दिवस पर समय से ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहें।जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को सभी होटल, होम-स्टे एवं अन्य स्थलों की गहन चेकिंग करने तथा बाहरी तत्वों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कोचिंग संस्थानों पर विशेष नज़र रखने और अनावश्यक भीड़भाड़ रोकने पर जोर दिया गया है। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच जैसे किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण की सख्त मनाही होगी।उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी परीक्षा कक्षों में पर्याप्त प्रकाश, पेयजल एवं स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था रहे। अभ्यर्थियों की पहचान की सत्यता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और प्रवेश से पूर्व गहन चेकिंग की जाएगी। यातायात विभाग को राष्ट्रीय राजमार्ग व अन्य प्रमुख मार्गों पर सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा भारी वाहनों का संचालन नियंत्रित रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुँचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुँचें, प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्र साथ लाएँ और आयोग द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित अभ्यर्थी एवं सहयोगियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।