रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:डीएम ने लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय के वित्तीय अभिलेखों के जांच के दिए निर्देश।
Laxman Singh Bisht
Wed, May 13, 2026
डीएम ने उप जिला चिकित्सालय के वित्तीय अभिलेखों के जांच के दिए निर्देश।
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डीएम मनीष कुमार ने
एनएचएम समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश

जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को जिला सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, आयुष्मान भारत योजना, टीबी मुक्त भारत अभियान तथा ग्रामीण एवं सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अब स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मरीजों को समय पर उपचार, जांच एवं दवाइयां उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें कोताही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए कहा कि जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत कोई भी पात्र लाभार्थी छूटना नहीं चाहिए।

उन्होंने प्रसवपूर्व देखभाल पर विशेष ध्यान देने तथा गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने जनपद में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक संस्थागत प्रसव में आशा कार्यकर्ती की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। साथ ही आशा कार्यकर्तियों के मानदेय एवं प्रोत्साहन राशि का भुगतान बिना विलंब किए जारी करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर एवं जिला समन्वयक आशा को निर्देशित किया कि आशा कार्यकर्तियों की अपने कार्यक्षेत्र में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि आशा कार्यकर्तियां सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था की “हाथ और पैर” हैं तथा सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आशाओं की सक्रिय फील्ड उपस्थिति से स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा।बैठक में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत आयोजित सभी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को प्रत्येक 15 दिन में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करने तथा प्रत्येक सप्ताह एमओआईसी स्तर पर नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।बैठक में जानकारी दी गई कि संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने हेतु ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को ₹1400 तथा शहरी क्षेत्र की महिलाओं को ₹1000 की सहायता राशि प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त प्रसव के बाद 48 घंटे से अधिक अस्पताल में रहने पर ₹2000 की अतिरिक्त सहायता राशि भी दी जाती है।बैठक में अस्पतालों की साफ-सफाई, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता, एम्बुलेंस सेवाओं, टीकाकरण कार्यक्रम, जन औषधि केंद्रों, एनीमिया मुक्त भारत अभियान, तंबाकू मुक्त युवा अभियान तथा आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने इन सभी योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए जिलाधिकारी ने लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में दवाओं, उपकरणों सहित अन्य समग्रियों की खरीद से संबंधित समस्त वित्तीय अभिलेखों की विस्तृत जांच के निर्देश भी दिए।

साथ ही जिला समन्वयक आशा एवं चारों ब्लॉकों के ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजरों का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए गए।मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु एक माह के भीतर पोर्टल विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद के दुरुस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं एवं चिकित्सा शिविरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, एमओआईसी इंद्रजीत पांडे, विराज राठी सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित।
