रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:खिरद्वारी के राजी जनजाति की 17 महिलाओं के उज्ज्वला गैस कनेक्शन चम्पावत से टनकपुर हुये स्थानांतरित
Laxman Singh Bisht
Fri, Jul 10, 2026
मुख्यमंत्री के सीमांत क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देशों पर हुयी सकारात्मक पहल
खिरद्वारी के राजी जनजाति की 17 महिलाओं के उज्ज्वला गैस कनेक्शन चम्पावत से टनकपुर हुये स्थानांतरित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सीमांत क्षेत्रों में निवास करने वाले लोगों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के दिए गए निर्देशों के क्रम में तथा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जनपद चम्पावत प्रशासन ने राजी जनजाति की महिलाओं की एक महत्वपूर्ण समस्या के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल की है।दिनांक 17 जून 2026 को पोथ खिरद्वारी क्षेत्र की राजी जनजाति की महिलाओं ने जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार से भेंट कर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्राप्त अपने गैस कनेक्शनों को वर्तमान चम्पावत गैस एजेंसी से टनकपुर गैस एजेंसी में स्थानांतरित किए जाने का अनुरोध किया था।स्थानीय महिलाओं ने बताया कि उनके क्षेत्र से चम्पावत की दूरी लगभग 78 किलोमीटर है, जिससे गैस सिलेंडर प्राप्त करने में अनावश्यक समय एवं धन खर्च होता है। वहीं टनकपुर की दूरी लगभग 48 किलोमीटर होने के कारण वहां से गैस प्राप्त करना अधिक सुविधाजनक रहेगा और समय पर गैस आपूर्ति भी सुनिश्चित हो सकेगी।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनहित एवं लाभार्थियों की सुविधा को देखते हुए मामले में तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा संबंधित प्रकरण का परीक्षण करते हुए राजी जनजाति की 17 उज्ज्वला लाभार्थी महिलाओं के गैस कनेक्शन नियमानुसार निकटतम टनकपुर गैस एजेंसी में स्थानांतरित किए जाने हेतु आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर ली गई है।जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट ने बताया कि जिन लाभार्थियों के गैस कनेक्शन स्थानांतरित किए गए हैं , उनमें सीता देवी, सरस्वती देवी, हीरा देवी, कौशल्या देवी, नाराली देवी, कमला देवी, लक्ष्मी देवी, कलावती देवी, मीना देवी, सुनीता देवी, कमला देवी, हरि देवी, विद्या देवी, नीलावती देवी, गीता देवी, हीरा देवी एवं ईश्वरी देवी शामिल हैं।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक शासन की योजनाओं का लाभ सुगमता से पहुंचाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।इस पहल से पोथ खिरद्वारी क्षेत्र की राजी जनजाति की महिलाओं को गैस सिलेंडर प्राप्त करने में समय, श्रम एवं परिवहन व्यय की बचत होगी तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ और अधिक प्रभावी ढंग से मिल सकेगा।