रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:दूरस्थ ग्राम झालाकुड़ी पहुँची जन-जन की सरकार, 47 शिकायतों एवं आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई
Laxman Singh Bisht
Fri, Jul 17, 2026
दूरस्थ ग्राम झालाकुड़ी पहुँची जन-जन की सरकार, 47 शिकायतों एवं आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई
473 लाभार्थियों को मिला विभिन्न योजनाओं का लाभ

जिलाधिकारी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएँ, अधिकांश मामलों का मौके पर ही कराया समाधान
शेष प्रकरणों पर अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण का दिया संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित 'सेवा पखवाड़ा' के अंतर्गत 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के तहत विकासखंड चम्पावत की ग्राम पंचायत झालाकुड़ी स्थित प्राथमिक विद्यालय में जनसमस्या निवारण एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में प्रशासनिक सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक उनके गाँव में ही पहुँचाना रहा।शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की। इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, दर्जा राज्य मंत्री मुकेश महराना सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्राम प्रधान कुमारी आरती चौहान ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जिलाधिकारी का स्वागत किया।शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुँचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य प्रशासन को गाँव-गाँव तक पहुँचाकर आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है।शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 47 आवेदन, मांग एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें श्रम कार्ड, सोलर लाइट, गौशाला निर्माण, घेरबाड़, पेयजल, विद्युत, सड़क, मंदिर सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े प्रकरण शामिल रहे। जिलाधिकारी ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कराते हुए शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर मे स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। वहीं आयुष एवं होम्योपैथिक विभाग द्वारा भी बड़ी संख्या में लोगों को निःशुल्क परामर्श एवं औषधियां उपलब्ध कराई गईं।शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 473 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। ग्राम्य विकास, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, उद्यान, मत्स्य, आयुष, पूर्ति, पशुपालन सहित अन्य विभागों ने योजनाओं की जानकारी देने के साथ प्रमाण-पत्र निर्गत किए तथा खाता-खतौनी सहित अन्य जनोपयोगी सेवाएं भी मौके पर उपलब्ध कराईं।सेवा पखवाड़े के दौरान ग्राम पंचायत झालाकुड़ी के दिनेश राम ने अपनी माता की वृद्धावस्था पेंशन संबंधी समस्या रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत नौलापानी के शंकर दत्त जोशी ने वर्षा ऋतु में स्कूली बच्चों के आवागमन की कठिनाइयों को देखते हुए वाहन सुविधा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को नियमानुसार प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।इसी प्रकार ग्राम पंचायत जौल की प्रेमा बोहरा ने हैंडपम्प, सार्वजनिक शौचालय एवं सोलर लाइट की मांग रखी। झालाकुड़ी के बिशन राम ने आवास में आई दरार संबंधी प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किया तथा ब्यानधुरा मंदिर समिति ने सोलर लाइट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जनपद में सड़क, बिजली, पेयजल, फसलों की सुरक्षा हेतु घेरबाड़, सार्वजनिक स्थलों पर सोलर लाइट, विद्यालयों के मरम्मत कार्य तथा दूरस्थ क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा का मूल उद्देश्य यही है कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके गाँव में ही सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रहे।उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि विभागीय स्टॉलों के माध्यम से आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, आधार, पेंशन एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ अवश्य उठाएं।दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित सेवा पखवाड़ा अभियान प्रशासन और जनता के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य कर रहा है। इससे ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहजता से प्राप्त हो रहा है।कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण का संदेश दिया तथा सभी से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक राजवार, जिला महामंत्री भाजपा पूरन सिंह मेहरा, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्षा श्रीमती दीपा जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख भुवन चंद पाण्डेय, गुमान सिंह बोहरा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।