रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : टनकपुर मे युवा संवाद में सवाल युवाओं के जवाब सीएम के
Laxman Singh Bisht
Sat, Jun 20, 2026
युवा संवाद में सवाल युवाओं के जवाब सीएम के

युवा शक्ति ही विकसित भारत और सशक्त उत्तराखण्ड की सबसे बड़ी ताकत: सीएम धामी

उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान शनिवार को अपनी विधानसभा चम्पावत के टनकपुर पहुंचे। जनपद आगमन पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा उनका भव्य स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री टनकपुर स्थित मिलन वाटिका में शिवम फाउंडेशन द्वारा आयोजित "युवा संवाद कार्यक्रम" में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के प्रारम्भ में शिवम फाउंडेशन के अध्यक्ष शशांक गोयल नेमुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश का युवा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सिंह सामंत ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनन्दन किया।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ सीधे संवाद कर उनके प्रश्नों का उत्तर दिया तथा विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने डॉक्टर कमल गहतोड़ी प्रचार्य डायट लोहाघाट की पुस्तक का विमोचन भी किया।युवा आश्विन सागर द्वारा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हो रही प्रगति के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विज्ञान, तकनीक एवं नवाचार के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियाँ प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि चम्पावत में साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज सहित अनेक विकास परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिससे युवाओं को नए अवसर प्राप्त होंगे।युवा सुनीता गौतम द्वारा सीमांत क्षेत्रों से हो रहे पलायन एवं रोजगार के विषय में प्रश्न पूछे जाने पर मा.मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने के लिए पुस्तकालय, ज्ञानसेतु केन्द्र, ओपन जिम, बास्केटबॉल कोर्ट एवं बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाएँ विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि रात्रिकालीन राफ्टिंग जैसी अभिनव पहल से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई पहचान मिली है।युवा पवन रैंसवाल द्वारा मानसिक स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि "ड्रग फ्री देवभूमि मिशन" को सफल बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने युवाओं से इस अभियान के ब्रांड एम्बेसडर बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर एवं मेट्रो मैन ई. श्रीधरन के उदाहरण देकर युवाओं को लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रेरित किया।छात्रा कुमारी हिना द्वारा महिला सशक्तिकरण के विषय में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज महिलाएँ रक्षा, विज्ञान, अंतरिक्ष, खेल एवं प्रशासन सहित प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड की 2.75 लाख से अधिक महिलाएँ "लखपति दीदी" बन चुकी हैं। नन्दा गौरा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चम्पावत में निर्मित हो रहा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।युवा कमल भट्ट द्वारा नकल विरोधी कानून के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के सख्त नकल विरोधी कानून के कारण 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है। आज प्रदेश में सभी प्रतियोगी परीक्षाएँ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हो रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चयन का आधार केवल योग्यता, क्षमता एवं प्रतिभा है, जिससे मेहनती युवाओं के सपने साकार हो रहे हैं।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं एवं उनके अभिभावकों को सम्मानित भी किया। सम्मानित होने वालों में कुमारी सिमरन जोशी, कुमारी काव्या गोयल, पवन गढ़कोटी, ध्रुव शुक्ल, तरुण बोहरा, अविनाश जुयाल, शाहिद सहित अनेक प्रतिभाशाली युवा शामिल रहे।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा संवाद जैसे कार्यक्रम समाज में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि मां पूर्णागिरि की पावन धरती से उन्हें सदैव विशेष स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होता है, जिसकी तुलना किसी अन्य स्थान से नहीं की जा सकती।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा राष्ट्र है और माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का युवा नए भारत के निर्माण की इबारत लिख रहा है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही भारत की सबसे बड़ी पूंजी है तथा विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और विश्वगुरु भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, रोजगार, खेल, नवाचार और स्वरोजगार के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में विकास और खेल दोनों को समान प्राथमिकता दी जा रही है ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर प्राप्त हों। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सिंह सामंत समस्त दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री, शिवम फाउंडेशन के अध्यक्ष शशांक गोयल, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर , दीपक रजवार, विधायक प्रतिनिधि चम्पावत प्रकाश तिवारी, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा,भाजपा प्रदेश महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, दीपक अधिकारी, सूरज प्रहरी,सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी , जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।