रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : चम्पावत : पाटी नगर पंचायत चुनाव नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू अध्यक्ष पद के लिए बिके तीन नामांकन पत्र
Laxman Singh Bisht
Wed, May 27, 2026
चम्पावत : पाटी नगर पंचायत चुनाव नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू अध्यक्ष पद के लिए बिके तीन नामांकन पत्र

गरमाई सियासत वार्ड सभासद के लिए बिके 6 नामांकन पत्र।

चम्पावत जिले की नगर पंचायत पाटी में आगामी सामान्य निर्वाचन-2026 को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं । नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू होते ही पूरे पाटी क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है । प्रशासनिक तैयारियों के साथ अब स्थानीय नेताओं और संभावित प्रत्याशियों ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है । चाय की दुकानों से लेकर गांव की चौपालों तक चुनावी चर्चाएं तेज हो चुकी हैं । नगर पंचायत पाटी चुनाव को शांतिपूर्ण , निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने अध्यक्ष पद के चुनाव हेतु जिला ग्राम्य विकास अभिकरण चम्पावत के परियोजना निदेशक अजय सिंह को निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है । उनके सहयोग के लिए लोक निर्माण विभाग लोहाघाट की सहायक अभियंता प्रियंका चौहान को सहायक निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है । वहीं सदस्य पदों के चुनाव के लिए जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है । जबकि लघु सिंचाई उपखंड बाराकोट के सहायक अभियंता रविन्द्र कुमार सहायक निर्वाचन अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं । अध्यक्ष पद के लिए उपजिलाधिकारी न्यायालय पाटी में नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो चुकी है । वहीं सदस्य पद के लिए तहसीलदार कार्यालय पाटी में प्रत्याशी नामांकन पत्र खरीद रहे हैं । 27 मई को नगर पंचायत पाटी में अध्यक्ष पद के लिए कुल 3 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई । इनमें - शिवराज राम , निकिता भारती पुत्री राजेंद्र कुमार और नारायण राम शामिल हैं । इन नामों के सामने आने के बाद राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं । स्थानीय स्तर पर सामाजिक समीकरणों का गणित भी बैठाया जाने लगा है । वार्ड सदस्य पद के लिए कुल 6 नामांकन पत्र खरीदे गए । जिनमें - वार्ड संख्या 1 से सीमा , वार्ड संख्या 2 से दिनेश सिंह मेहता , वार्ड संख्या 3 से दीपक चंद्र सोराड़ी और संजय प्रसाद , वार्ड संख्या 4 से मनीषा पत्नी चंचल कुमार और संगीता पत्नी राजेंद्र प्रसाद ने नामांकन पत्र खरीदे । अभी आगे भी 29 मई तक नामांकन पत्रों की बिक्री जारी रहेगी । 30 मई को नामांकन पत्रों की जांच और 31 मई को अपराह्न 3 बजे तक नामांकन पत्रों की वापसी हो पाएगी । 1 जून को पूर्वाह्न 10 बजे से कार्य समाप्ति तक चुनाव चिन्ह आबंटन किए जाएंगे । नगर पंचायत पाटी चुनाव के लिए 9 जून को मतदान कराया जाएगा , जबकि 11 जून को मतगणना होगी । चुनाव की तारीख नजदीक आते ही संभावित प्रत्याशियों ने जनसंपर्क अभियान की रणनीति बनानी शुरू कर दी है । बढ़ती गर्मी के बीच नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही पाटी क्षेत्र में सियासी तापमान भी लगातार बढ़ रहा है । राजनीतिक दलों के साथ निर्दलीय दावेदार भी अपनी जमीन मजबूत करने में जुट गए हैं । माना जा रहा है कि पाटी में पहली बार हो रहा नगर पंचायत चुनाव बेहद दिलचस्प और कांटे की टक्कर वाला हो सकता है ।