रिपोर्ट 'लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: डीएम
Laxman Singh Bisht
Mon, May 18, 2026
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: डीएम
जिलाधिकारी ने विभागवार समीक्षा कर लंबित मामलों के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा की।बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने भू-अभिलेख, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा माध्यमिक एवं प्राथमिक शिक्षा विभाग को लंबित मामलों का तत्काल संज्ञान लेकर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, सिंचाई विभाग एवं उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड को लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर शून्य करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, समाज कल्याण, बागवानी विभाग सहित जिला अस्पताल चम्पावत एवं उप जिला चिकित्सालय टनकपुर से संबंधित शिकायतों के शीघ्र समाधान पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका, नगर पंचायत, जल निगम एवं उत्तराखंड परिवहन निगम जैसे सेवा प्रदाता विभागों को निर्देशित किया कि आम जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए बार-बार शिकायत दर्ज कराने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर समस्याओं का समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जाए।साथ ही पर्यटन, वन विभाग, उद्योग (MSME) एवं खनन विभाग सहित अन्य सभी विभागों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।बैठक में पुलिस विभाग में एल-1 स्तर पर 8 एवं एल-2 स्तर पर 2, भू-अभिलेख विभाग में एल-1 स्तर पर 7, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में एल-1 स्तर पर 6, पीएमजीएसवाई विभाग में एल-1 स्तर पर 6 तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में एल-1 स्तर पर 1 एवं एल-2 स्तर पर 4 सहित अन्य लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।