रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:अतिथि शिक्षकों को मानदेय न मिलने पर रोष, जल्द होगा धरना-प्रदर्शन
Laxman Singh Bisht
Fri, Oct 3, 2025
अतिथि शिक्षकों को मानदेय न मिलने पर रोष, जल्द होगा धरना-प्रदर्शन
चम्पावत।जिला शिक्षा अधिकारी चम्पावत द्वारा 2 सितम्बर को सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को अतिथि शिक्षकों का मानदेय आहरित करने के आदेश जारी किए जाने के बावजूद, एक माह बीत जाने पर भी जिले के पाटी, बाराकोट, लोहाघाट और चम्पावत ब्लॉक के खण्ड शिक्षा अधिकारियों द्वारा भुगतान नहीं किया गया है।माध्यमिक अतिथि शिक्षक एसोसिएशन उत्तराखण्ड एवं उत्तरांचल (पर्वतीय) कर्मचारी शिक्षक संगठन ने बताया कि इस लापरवाही के चलते अतिथि शिक्षक वेतन से वंचित हैं। संगठन का कहना है कि खण्ड शिक्षा अधिकारियों की ओर से कभी लिखित तो कभी मौखिक आदेश का हवाला देकर मानदेय भुगतान टाला जा रहा है।त्यौहारों के समय भी वेतन न मिलने से शिक्षकों में गहरी नाराजगी है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो अतिथि शिक्षक संबंधित खण्ड कार्यालयों में धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।