रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:देवीधुरा के कानिकोट मे घर में घुसा सांपो का जोड़ा वन विभाग ने किया रेस्क्यू
Laxman Singh Bisht
Sat, May 23, 2026
देवीधुरा के कानिकोट मे घर में घुसा सांपो का जोड़ा वन विभाग ने किया रेस्क्यू
चम्पावत जिले के देवीधुरा वन रेंज अंतर्गत कानीकोट गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक घर के भीतर अचानक सांपों का जोड़ा घुस गया । घर के भीतर दो लंबे सांपों को एक साथ देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए । देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया
हालांकि ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए सांपों को नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दी । सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक दोनों सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया । बाद में सांपों के जोड़े को जंगल में छोड़ दिया गया । वन कर्मियों ने बताया कि रेस्क्यू किए गए दोनों सांप धामन प्रजाति के थे । धामन सांप जहरीले नहीं होते और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं । ये खेतों और जंगलों में चूहों जैसे जीवों की संख्या नियंत्रित करते हैं , जिससे फसलों को भी फायदा मिलता है ।

उन्होंने बताया कि इन दिनों सांपों का प्रजनन काल चल रहा है , इसलिए अक्सर सांप जोड़े में दिखाई दे रहे हैं । बरसात और गर्मी के मौसम में सांप आबादी वाले इलाकों की ओर भी आ जाते हैं । सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू करने में पवन माहरा (वन दरोगा) , हर्षवर्धन गड़िया (वन बीट अधिकारी) , गिरीश राम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई । ग्रामीणों के द्वारा वन विभाग को धन्यवाद दिया गया।