रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:होली को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट बाजार में छापा,
Laxman Singh Bisht
Sat, Feb 28, 2026
होली को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट बाजार में छापा,
मिलावटखोरी रोकने हेतु लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने
आगामी होली के त्योहार को देखते हुए आम जनमानस को शुद्ध एवं मिलावट रहित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने सक्रियता बढ़ा दी है। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, देहरादून तथा जिलाधिकारी चम्पावत श्री मनीष कुमार द्वारा दिए गए कड़े निर्देशों के अनुपालन में शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चम्पावत मुख्य बाजार में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने बाजार स्थित विभिन्न मिठाई की दुकानों और किराना स्टोरों के प्रतिष्ठानों की जांच की।निरीक्षण के दौरान टीम ने संदिग्ध प्रतीत होने वाले खाद्य पदार्थों, विशेषकर खोया और नमकीन के कुल 02 नमूने संग्रहित किए। विभाग द्वारा इन नमूनों को गुणवत्ता की सटीक जांच हेतु राजकीय प्रयोगशाला (Lab) को प्रेषित कर दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात, यदि किसी भी प्रकार की मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कठोर दंडात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी और सहायक दिनेश फर्त्याल ने सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त हिदायत दी कि वे केवल उच्च गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री का ही विक्रय करें। व्यापारियों को एक्सपायर्ड (अविधिक तिथि) खाद्य पदार्थों के भंडारण और बिक्री के संबंध में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। विभाग ने चेतावनी दी है कि त्योहारों के सीजन में जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है और यह चेकिंग अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।