रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत :डीएम के जनता मिलन में 74 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर हुआ निस्तारण
Laxman Singh Bisht
Mon, Jun 1, 2026
डीएम के जनता मिलन में 74 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर हुआ निस्तारण

पीएम आवास योजना के पात्र लाभार्थियों की सूची पंचायत घर में चस्पा करने के निर्देश

मदन राम और दीवान सिंह को कान की मशीन उपलब्ध कराकर जिलाधिकारी ने तत्काल किया समस्या का समाधान

जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर दूरस्थ ग्रामीण इलाकों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 74 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।जनता मिलन कार्यक्रम में पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क, प्रधानमंत्री आवास योजना, घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्धता, कृषि, उद्यान, सिंचाई तथा उरेड़ा विभाग से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि प्रत्येक शिकायत का समाधान निर्धारित समयावधि में किया जाए।कार्यक्रम के दौरान भुवन चन्द्र पंचोली द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्र में जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध न होने के कारण कई पात्र व्यक्तियों की वृद्धावस्था पेंशन निरस्त होने का मामला सामने आया। जिलाधिकारी ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए पात्र लाभार्थियों की पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए तथा कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को तकनीकी कारणों से योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
विकासखंड पाटी की ग्राम पंचायत कानाकोट के निवासी मदन राम एवं दीवान सिंह ने जनता मिलन कार्यक्रम में श्रवण यंत्र (कान की मशीन) उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समाज कल्याण विभाग के माध्यम से दोनों लाभार्थियों को तत्काल कान की मशीन उपलब्ध कराई, जिससे उनकी समस्या का मौके पर ही समाधान हो गया।ग्राम मटियानी, लोहाघाट की पूजा देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी लोहाघाट को तत्काल पात्रता की जांच कर नियमानुसार आवास स्वीकृत करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जनपद के सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों की सूची संबंधित पंचायत घरों में अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए, जिससे योजना में पारदर्शिता बनी रहे तथा पात्र व्यक्तियों को जानकारी प्राप्त हो सके।
ग्राम पंचायत बिरगुल के चन्दन राम ने बारिश के दौरान अपने मकान की छत टपकने की समस्या से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए खंड विकास अधिकारी को अस्थायी राहत के रूप में टीनशेड उपलब्ध कराने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रस्तावित आवास प्रकरण पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत भगाना भंडारी की प्रधान प्रेमा खर्कवाल ने क्षेत्र में सोलर लाइट लगाने एवं जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए खेतों में तारबाड़ किए जाने की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने उरेड़ा तथा कृषि विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।वहीं ग्राम पंचायत हरम के प्रधान सूरज सिंह ने मंच-तामली सड़क मार्ग पर खतरनाक स्थिति में खड़े चीड़ के पेड़ों को हटाने का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।जनता मिलन कार्यक्रम में मजदूर वर्ग से जुड़े कृपाशंकर, राकेश, अंकित, रामजीवन, अरुणा एवं अन्य श्रमिकों ने ठेकेदार द्वारा मजदूरी भुगतान न किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायक श्रम आयुक्त (एएलसी) को जांच कर शीघ्र निस्तारण तथा श्रमिकों को उनका देय भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं गंभीरता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, जिला उद्यान अधिकारी मोहित मल्ली, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र सामंत, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।