Saturday 28th of February 2026

ब्रेकिंग

बाराकोट:एलीट चिल्ड्रन एकेडमी बाराकोट में होली मिलन

खटीमा:मुख्यमंत्री आवास में होली सीएम ने प्रदेशवासियों को दी होली की शुभकामनाएं

बनबसा:शिविर में समाधान: यूसीसी अंतर्गत विवाह पंजीकरण एवं लंबित पेंशन प्रकरणों का मौके पर निस्तारण

उत्तराखंड:16, 17 तथा 18 मार्च को उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों में होगी आपदा मॉक ड्रिल

चंपावत:प्रहलाद मेहता बने यूकेडी चंपावत जिला प्रभारी

रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : बनबसा:शिविर में समाधान: यूसीसी अंतर्गत विवाह पंजीकरण एवं लंबित पेंशन प्रकरणों का मौके पर निस्तारण

Laxman Singh Bisht

Sat, Feb 28, 2026

शिविर में समाधान: यूसीसी अंतर्गत विवाह पंजीकरण एवं लंबित पेंशन प्रकरणों का मौके पर निस्तारण

“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत बनबसा में बहुउद्देश्यीय जनसेवा शिविर सम्पन्न; 83 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

नगर पंचायत बनबसा में राज्य सरकार के जनकल्याणकारी अभियान “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के अंतर्गत बहुउद्देश्यीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया।शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल स्थापित कर आमजन को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को आवश्यक प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। बड़ी संख्या में नागरिकों ने शिविर में पहुँचकर अपनी समस्याएँ जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।लगभग 500 से अधिक लोगों की उपस्थिति वाले इस शिविर में कुल 83 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण जिलाधिकारी द्वारा मौके पर ही कर दिया गया।जिलाधिकारी ने प्रत्येक विभागीय स्टॉल का निरीक्षण कर अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में तत्परता एवं संवेदनशीलता बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए।

भूपेंद्र दत्त उपाध्याय द्वारा दूषित जलभराव की समस्या उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को तत्काल सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलावती देवी की विद्युत पोल हटाने की मांग पर अधिशासी अभियंता विद्युत को नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देशित किया गया।सुनीता देवी की जन्म प्रमाण पत्र में तिथि संशोधन संबंधी शिकायत पर उपजिलाधिकारी को एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मीका डेविड ने स्थायी निवास आवेदन निरस्तीकरण का मामला रखा, जबकि शांति देवी एवं गोदावरी भट्ट ने राशन कार्ड और निवास प्रमाण पत्र से संबंधित शिकायत दर्ज कराई।चांदनी सौरभ एवं रुकसार राशिद द्वारा यूसीसी के अंतर्गत विवाह पंजीकरण की समस्या उठाए जाने पर शिविर स्थल पर ही उनका पंजीकरण कराया गया। उर्मिला मंडल एवं संध्या सरकार की लंबित पेंशन की शिकायत का भी मौके पर समाधान करते हुए पेंशन चालू कराई गई।

नवनीत कौर ने नंदा गौरा योजना से संबंधित प्रकरण रखा, जबकि आशा भट्ट ने श्रम कार्ड, आवास एवं गैस कनेक्शन संबंधी समस्याएँ प्रस्तुत कीं। बंगाली कॉलोनी के निवासियों ने आवास, पेयजल, सड़क एवं विधवा पेंशन की सामूहिक मांग रखी। संजय प्रीति द्वारा अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर जांच के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को स्थलीय निरीक्षण कर सभी प्रकरणों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समाज कल्याण, पूर्ति एवं कृषि विभाग को पेंशन एवं राशन कार्ड संबंधी मामलों में स्थलीय सत्यापन कर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुँचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस प्रकार के जनसेवा शिविर आमजन और प्रशासन के बीच विश्वास एवं पारदर्शिता को सुदृढ़ करते हैं।शिविर में नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर जी.एस. खाती, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, अधिशासी अधिकारी दीपक बुदलाकोटी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जरूरी खबरें