Monday 6th of July 2026

ब्रेकिंग

टनकपुर:केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने टनकपुर से नांदेड एक्सप्रेस का किया शुभारंभ ।

चंपावत:जनता मिलन में फरियादियों की भारी भीड़ 124 शिकायतें दर्ज अधिकांश का मौके पर हुआ समाधान

लोहाघाट मास्टर प्लान 2041 को लेकर संसय में जनता क्या बिना भूमि फ्री होल्ड के हो सकता है मास्टर प्लान जारी?

चंपावत:कांग्रेस की नई जिला कार्यकारिणी का गठन चिराग को फिर से मिली जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी।

चंपावत:बिचई वाहन दुर्घटना की डीएम के निर्देश पर मजिस्ट्रेट जांच साक्ष्य/बयान आमंत्रित

सूचना

रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : टनकपुर:केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने टनकपुर से नांदेड एक्सप्रेस का किया शुभारंभ ।

Laxman Singh Bisht

Mon, Jul 6, 2026

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने टनकपुर से नांदेड एक्सप्रेस का किया शुभारंभ ।

टनकपुर पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन का शाहजहांपुर तक किया गया मार्ग विस्तार ।

सीएम पुष्कर सिंह धामी,महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फर्नविस, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव नए वर्चुअल किया प्रतिभाग।

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह व केंद्रीय राज्य परिवहन मंत्री अजय टमटा ने हरी झंडी दिखाकर किया नांदेड़ एक्सप्रेस को रवाना।

जनपद चम्पावत के सीमांत क्षेत्र टनकपुर से नांदेड एक्सप्रेस का आज सोमवार को शुभारंभ किया गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड पुष्कर सिंह धामी तथा मुख्यमंत्री महाराष्ट्र देवेंद्र फडणवीस ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टनकपुर–नांदेड साप्ताहिक एक्सप्रेस का शुभारंभ तथा टनकपुर से पीलीभीत सवारी गाड़ी के शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार का लोकार्पण किया गया। टनकपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में केंद्रीय रेल राज्य एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने टनकपुर–नांदेड एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर, मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर सुश्री वीणा सिन्हा, वरिष्ठ रेल अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहें। साथ ही टनकपुर–पीलीभीत सवारी गाड़ी के शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार का शुभारंभ पीलीभीत जंक्शन पर आयोजित समारोह में किया गया।उत्तराखण्ड के कुमाऊँ क्षेत्र, विशेषकर चम्पावत एवं टनकपुर क्षेत्र के लोगों तथा सिख श्रद्धालुओं की लंबे समय से तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड तक सीधी रेल सेवा की मांग रहीं थी। रेल मंत्रालय द्वारा इस मांग को स्वीकार करते हुए टनकपुर से हजूर साहिब नांदेड–टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस के संचालन को स्वीकृति प्रदान की गई साथ ही टनकपुर–पीलीभीत सवारी गाड़ी का मार्ग शाहजहांपुर तक विस्तारित किया गया। इन दोनों निर्णयों से चम्पावत जनपद सहित सम्पूर्ण कुमाऊँ क्षेत्र के यात्रियों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के कृषि एवं स्थानीय उत्पादों को नए बाजार उपलब्ध होने से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा पर्यटन और व्यापार को भी नई गति प्राप्त होगी।

समारोह को सम्बोधित करते हुये केन्द्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड के धार्मिक महत्व एवं जन भावनाओं को देखते हुए टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस एवं नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेनों के संचलन को स्वीकृति प्रदान की गयी और आज इन गाड़ियों का संचलन प्रारंभ किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त आज टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा का शाहजहाँपुर तक विस्तार का शुभारंभ किया जा रहा है। भारतीय रेल में ट्रांसमेशन का कार्य तेजी से चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रेलवे पर विशेष ध्यान दिया है तथा प्रत्येक राज्य को पहले से कई गुना बजट आवंटित किया जा रहा है। पिछले 12 वर्षों में 37000 किमी. नये टैक बनाये गये तथा 99.6 प्रतिशत विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है, शेष शीघ्र ही पूरा कर लिया जायेगा। बुलेट ट्रेन परियोजना पर कार्य तेजी से चल रहा है। अगले वर्ष बुलेट ट्रेन चालू हो जायेगी । पूर्वी एवं पश्चिमी कॉरिडोर का कार्य पूर्ण हो चुका है। पूर्वी एवं पश्चिमी कॉरिडोर को जोड़ने के लिये कार्य किया जायेगा। रेल मंत्री वैष्णव ने कहा कि काफी नई ट्रेनें चलाई गई हैं। भारतीय रेल गरीबों एवं मध्यम वर्ग की सवारी हैं इसलिये अर्फोडेबल सेवा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सामान्य द्वितीय श्रेणी के 12000 नये कोचों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें से 4000 कोच बनकर गाड़ियों में लगाये गये हैं जिसका अच्छा लाभ मिला है। इस समर सीजन में रिकार्ड संख्या में ग्रीष्मकालीन विशेष गाड़ियाँ चलाई गई। पिछले दीपावली एवं छठ पर्वो पर 12000 विशेष ट्रेनें चलाई गईं। उन्होंने कहा कि आगामी रथ यात्रा के पावन पर्व पर 300 तथा ओणम पर्व में 100 विशेष ट्रेनें चलाई जायेंगी। रेल मंत्री ने सम्मानित जनप्रतिनिधियों की रेल सम्बन्धी मांगों पर विचार का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री, उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा का शाहजहाँपुर तक विस्तार के लिए माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा की आज का दिन उत्तराखंड, विशेष रूप से कुमायूं क्षेत्र के लिये अत्यन्त महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक है। टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस का शुभारम्भ ही नही वरन् उत्तर एवं दक्षिण भारत के बीच आस्था, विकास, पर्यटन एवं सांस्कृतिक एकता का एक सशक्त सेतु है। टनकपुर कुमायूं क्षेत्र का प्रवेश द्वार है। यहीं से मार्ग पूर्णागिरि मंदिर, आदिकैलाश जाता है। यहाँ की जनता की काफी दिनों से मांग थी कि मध्य एवं दक्षिण भारत के लिये ट्रेन चलाई जाय, जिससे महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण नगरों को जोड़ते हुये उत्तराखण्ड पहुंचा जा सके। इस ट्रेन के संचलन से महाराष्ट्र से उत्तराखण्ड आने वाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी। उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को नया बाजार मिलेगा। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग नई रेल लाइन परियोजना पर तेजी से कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कि माननीय प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प को लक्ष्य कर उत्तराखण्ड मे अमृतभारत स्टेशनों का पुनर्विकास कर उन्नत यात्री सुविधायें उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस के संचलन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा की मुंबई से पवित्र नगरी नांदेड जाने हेतु एक्सप्रेस ट्रेन की अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध हो गयी। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन के साथ व्यवसायिक गतिविधियों का बढ़ावा मिलेगा। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को साधुवाद दिया।

टनकपुर में समारोह को संबोधित करते हुए रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा के शाहजहाँपुर तक विस्तार के शुभारम्भ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुये माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं माननीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यहाँ पर गुरू नानकदेव जी, गुरू हरगोविन्द सिंह जी आये थे और यहाँ के लोग अब सीधे 10वें गुरू गुरूगोविन्द सिंह की पवित्र धरती नांदेड पहुंच सकेंगे। टनकपुर-नांदेड एवं नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस के चलने से सिख श्रद्धालुओं सहित क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुयी।

केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री, अजय टम्टा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा की टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा का शाहजहाँपुर तक विस्तार से क्षेत्रीय जनता की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुयी है, यह क्षेत्र के लोगों के लिये बहुत बड़ी सौगात है। यहीं से हिमालय का क्षेत्र शुरू होता तथा यहीं से रेल यात्रा आरम्भ करते हैं। उन्होंने कहा कि टनकपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कर यहाँ उन्नत यात्री सुविधायें उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री एवं रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

पीलीभीत में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग, इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा की टनकपुर-पीलीभीत सवारी गाड़ी का शाहजहाँपुर तक विस्तार तथा टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस के संचलन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा की पीलीभीत क्षेत्र के सिख श्रद्धालुओं सहित सभी वर्ग के लोगों को नांदेड एवं मार्गवर्ती नगरों को जाने की सीधी ट्रेन की सुविधा उपलब्ध हो गयी। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के संचलन से पीलीभीत टाइगर रिजर्व आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी जिससे क्षेत्रीय जनता को रोजगार मिलेगा। पीलीभीत क्षेत्र मिनी पंजाब है तथा यहाँ से स्वर्ण मन्दिर अमृतसर जाने के लिये एक ट्रेन की आवश्यकता पर रेल मंत्री का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने इसके लिए माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह को पीलीभीत में संबोधित करते हुए सांसद मिथलेश कुमार तथा इसके अतिरिक्त नांदेड स्टेशन पर आयोजित समारोह में सम्मानित जनप्रतिनिधियों ने नांदेड-टनकपुर एवं नांदेड-मुम्बई एक्सप्रेस के संचलन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुये प्रधानमंत्री एवं माननीय रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। टनकपुर में सम्मानित अतिथियों का स्वागत पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबन्धक उदय बोरवणकर तथा पीलीभीत में अपर मण्डल रेल प्रबन्धक मनोज कुमार इज्जतनगर ने किया । इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख विभागाध्यक्ष एवं मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा उपस्थित थी।इस दौरान रेलवे के कई अधिकारी को कर्मचारी मौजूद रहे।

जरूरी खबरें