रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत बोर्ड परीक्षा के मेधावियों को जिलाधिकारी ने किया सम्मानित
बोर्ड परीक्षा के मेधावियों को जिलाधिकारी ने किया सम्मानित

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर द्वारा घोषित वर्ष 2026 के बोर्ड परीक्षा परिणामों में जनपद चम्पावत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत शैक्षिक पहचान स्थापित की है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन एवं विद्यार्थियों की कठिन मेहनत के बल पर जनपद ने हाईस्कूल में प्रदेश में 5वां तथा इंटरमीडिएट में 4था स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जिला सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित करते हुए उनकी सफलता में परिवार की भूमिका की सराहना की।

हाईस्कूल परीक्षा में हिमानी उप्रेती ने 96.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम एवं प्रदेश में 7वां स्थान हासिल किया। वहीं संगीता भट्ट एवं पवन रावत ने 94.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में द्वितीय तथा प्रदेश में 15वां स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त जलज आली ने 92.80 प्रतिशत अंक हासिल कर जनपद में तृतीय एवं प्रदेश में 24वां स्थान प्राप्त किया।

इंटरमीडिएट परीक्षा में यश अवस्थी ने 93.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम एवं प्रदेश में 18वां स्थान हासिल किया। रिया चौबे ने 93.20 प्रतिशत अंकों के साथ जनपद में द्वितीय एवं प्रदेश में 21वां स्थान प्राप्त किया। वहीं सांची जोशी एवं मयंक जोशी ने 92.80 प्रतिशत अंकों के साथ जनपद में तृतीय एवं प्रदेश में 23वां स्थान प्राप्त किया। हंसा भट्ट ने 92.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में चतुर्थ एवं प्रदेश में 24वां स्थान तथा हेमा नायक ने 92.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में पंचम एवं प्रदेश में 25वां स्थान हासिल किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्यों एवं करियर योजनाओं पर संवाद किया। उन्होंने छात्रों को एनडीए, यूपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं करियर विकल्पों की जानकारी देते हुए कहा कि यह सफलता उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसे भविष्य के लिए मजबूत आधार बनाना चाहिए।उन्होंने विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों अथवा असफलताओं से निराश हुए बिना निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह ने बताया कि इस वर्ष हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 94.80 प्रतिशत रहा। कुल 2,845 परीक्षार्थियों में से 183 विद्यार्थियों ने ऑनर्स के साथ सफलता प्राप्त की। वहीं इंटरमीडिएट में कुल 2,450 विद्यार्थियों में से 93.10 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल रहे।उन्होंने बताया कि प्रदेश की टॉप-25 वरीयता सूची में हाईस्कूल के 5 तथा इंटरमीडिएट के 6 विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त कर जनपद का गौरव बढ़ाया है।

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की सफलता को उनके कठिन परिश्रम, शिक्षकों के समर्पण एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताते हुए सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी भारत जोशी, उपखंड शिक्षा अधिकारी संजय भट्ट, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
