रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:मास्टर प्लान-2041 का ड्राफ्ट होगा निर्धारित व्यापक जनसहभागिता से किया जायेगा अंतिम स्वरूप तय: डीएम
Laxman Singh Bisht
Tue, Jul 21, 2026
मास्टर प्लान-2041 का ड्राफ्ट होगा निर्धारित व्यापक जनसहभागिता से किया जायेगा अंतिम स्वरूप तय: डीएम

जिलाधिकारी ने महायोजना के लिए सभी नागरिकों से अपने सुझाव लिखित रूप में उपलब्ध कराने की अपील की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की "आदर्श चम्पावत–विकसित चम्पावत" की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में जनपद चम्पावत के मास्टर प्लान-2041 के प्रारूप पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में विस्तृत विचार विमर्श बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न हितधारकों, व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से महायोजना के विभिन्न पहलुओं पर सकारात्मक एवं रचनात्मक सुझाव प्राप्त किए गए।बैठक के दौरान आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों के निर्धारण, ग्रामीण क्षेत्रों की कृषि भूमि से जुड़े विषयों तथा भविष्य में होने वाले विकास कार्यों के प्रभावों पर विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित नागरिकों ने अपनी शंकाएँ एवं सुझाव रखे, जिनका जिलाधिकारी ने विस्तारपूर्वक समाधान किया।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मास्टर प्लान केवल एक प्रारूप है, अंतिम योजना नहीं। इसे जनसहभागिता एवं स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गांवों के लोगों से सुझाव लेकर, व्यवहारिक कठिनाइयों का समाधान करते हुए तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ही महायोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने सुझाव लिखित रूप में उपलब्ध कराने की अपील की।उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान के माध्यम से जनपद में सड़कों, पार्कों, उद्यानों, विद्यालयों, पार्किंग, सीवर व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत शहरी सुविधाओं का सुनियोजित विकास किया जाएगा। साथ ही पर्यटन स्थलों के समुचित विकास, पर्यावरण एवं नदियों के संरक्षण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा आपदा जोखिम न्यूनीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को भी महायोजना में प्राथमिकता दी जाएगी।जिलाधिकारी ने जनमानस में व्याप्त विभिन्न भ्रांतियों एवं आशंकाओं का निराकरण करते हुए कहा कि नागरिकों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनभावनाओं और जनहित के अनुरूप ही प्रत्येक निर्णय लिया जाएगा।चीफ टाउन एंड कंट्री प्लानर शशि मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि वर्तमान दस्तावेज केवल प्रारूप है तथा स्थानीय नागरिकों एवं विविध हितधारकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर ही इसमें आवश्यक संशोधन कर इसे अंतिम स्वरूप प्रदान किया जाएगा।बैठक में सीनियर प्रोजेक्ट एसोसिएट अनुभव चटर्जी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मास्टर प्लान-2041 के विभिन्न प्रावधानों, प्रस्तावित विकास कार्यों एवं भावी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।बैठक में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि चंपावत प्रकाश तिवारी, शंकर दत्त पाण्डेय, लडवाल फाउंडेशन के चेयरमैन नरेंद्र सिंह लडवाल, व्यापार संघ अध्यक्ष विकास शाह, सभासद सनी वर्मा, मनीष महर, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, परियोजना निदेशक अजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।